Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WORLD

बांग्लादेश फरवरी में संसदीय चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार, प्रो. यूनुस ने अमेरिकी विशेष दूत गोर से मुलाकात में साझा की योजना

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रो. मोहम्मद यूनुस ने न्यूयॉर्क में अमेरिकी विशेष दूत सर्जियो गोर से मुलाकात की। इस दौरान चुनाव और क्षेत्रीय सहयोग पर चर्चा की। फोटो: मुख्य सलाहकार के फेसबुक पेज से

न्यूयॉर्क (अमेरिका), 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रो. मोहम्मद यूनुस ने सोमवार को यहां दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिकी विशेष दूत और भारत में अमेरिका के मनोनीत राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात की। मुख्य सलाहकार प्रो. यूनुस ने उन्हें बताया कि बांग्लादेश अगले संसदीय चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और अंतरिम सरकार स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां कर रही है।

बांग्लादेश के द डेली स्टार अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, यूनुस ने न्यूयॉर्क में एक बैठक के दौरान सर्जियो गोर से कहा, चुनाव फरवरी में होंगे। यह स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण होगा। देश पूरी तरह तैयार है। मुख्य सलाहकार के उप प्रेस सचिव अबुल कलाम आजाद मजूमदार ने बताया कि सर्जियो गोर ने मुख्य सलाहकार के नेतृत्व की सराहना की और देश के प्रयासों का समर्थन करने की अमेरिका की इच्छा दोहराई।

बैठक के दौरान, दोनों पक्षों ने व्यापार, दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग, सार्क के पुनरुद्धार, रोहिंग्या संकट और ढाका को निशाना बनाकर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं सहित कई द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की। मुख्य सलाहकार ने कॉक्स बाजार शिविरों में रह रहे दस लाख से अधिक रोहिंग्या शरणार्थियों के लिए अमेरिका से निरंतर समर्थन की मांग की। गोर ने आश्वासन दिया कि रोहिंग्याओं के लिए उनकी जीवन रक्षक सहायता जारी रहेगी।

यूनुस ने बताया कि अंतरिम सरकार ने सार्क को पुनर्जीवित करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। उन्होंने आसियान में शामिल होने में बांग्लादेश की रुचि भी व्यक्त की और कहा कि दक्षिण-पूर्व एशियाई अर्थव्यवस्थाओं के साथ एकीकरण से देश के विकास में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। इसके अलावा उन्होंने नेपाल और भूटान के साथ-साथ भारत के सात पूर्वोत्तर राज्यों के साथ आर्थिक संबंधों को मज़बूत करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, हम घनिष्ठ क्षेत्रीय सहयोग के माध्यम से अपने आर्थिक विकास को गति दे सकते हैं।

मुख्य सलाहकार ने सर्जियो गोर को सुविधानुसार शीघ्र बांग्लादेश आने का निमंत्रण दिया। यूनुस सोमवार दोपहर (न्यूयॉर्क समय) जॉन एफ कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। वह संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 80वें सत्र में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। अमेरिका में बांग्लादेश के राजदूत तारिक मोहम्मद अरिफुल इस्लाम ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। उनके साथ एक प्रतिनिधिमंडल भी यात्रा पर है। प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और उच्च अधिकारी शामिल हैं।

विदेश मामलों के सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन ने बताया कि मुख्य सलाहकार 26 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण देंगे। 30 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र पहली बार म्यांमार में रोहिंग्या मुसलमानों और अन्य अल्पसंख्यकों की स्थिति पर एक उच्च-स्तरीय सम्मेलन आयोजित करेगा। मुख्य सलाहकार के दो अक्टूबर को स्वदेश लौटने की संभावना है।

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *