Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

निकाय–पंचायत चुनाव से पहले आप ने राजस्थान में 55 पदाधिकारियों की नई फौज उतारी

निकाय–पंचायत चुनाव से पहले आप ने राजस्थान में 55 पदाधिकारियों की नई फौज उतारी

जयपुर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । प्रदेश में आगामी निकाय और पंचायत चुनावों को देखते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने राजस्थान में अपनी सक्रियता तेज कर दी है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पार्टी ने पूर्व की प्रदेश कार्यकारिणी को भंग कर नई प्रदेश कार्यकारिणी और जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। आप पार्टी ने मंगलवार को घोषित नई कार्यकारिणी में कुल 55 नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें 21 जिलाध्यक्ष, 6 उपाध्यक्ष, एक महासचिव, 15 सचिव, 9 संयुक्त सचिव और 3 प्रदेश प्रवक्ता बनाए गए हैं। जिलाध्यक्षों और प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा पार्टी के प्रदेश प्रभारी धीरज टोकस और सह प्रभारी घनेंद्र भारद्वाज ने की।

प्रदेश प्रभारी धीरज टोकस ने बताया कि फिलहाल 21 जिलाध्यक्षों की घोषणा की गई है, जबकि आने वाले समय में शेष जिलों में भी जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार आगे भी जारी रहेगा।

नई प्रदेश कार्यकारिणी में सेवानिवृत्त आईपीएस दिलीप जाखड़ को प्रदेश उपाध्यक्ष और सेवानिवृत्त आईआरएस आरपी मीना को प्रदेश सचिव बनाया गया है। वहीं मशहूर कवि शहनाज हिंदुस्तानी को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है। शहनाज हिंदुस्तानी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी सहयोगी और पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं। इसके अलावा अजमेर से भूपेंद्र सिंह सनोद, बीकानेर से सत्यनारायण देवड़ा, चित्तौड़गढ़ से बृजेश चोपड़ा, हनुमानगढ़ से सुरेंद्र बेनीवाल, उदयपुर से राजेश चौहान, अलवर से जगन्नाथ गोयल, पाली से नरपत सिंह जेठावत, कोटा शहर से राजू मिश्रा, कोटा ग्रामीण से दिलीप राणावत, बांसवाड़ा से रशीद अहमद, जालौर से रामलाल बिश्नोई, बाड़मेर से हजारी दान चारण, भरतपुर से ओमप्रकाश चौधरी, डीग से बनवारी लाल, बालोतरा से सुमेर लाल, चुरू से हरिओम जोशी, दौसा से निर्मल वर्मा, बारां से ओम गोचर, नागौर से ओमप्रकाश सेन, झालावाड़ से राजेंद्र श्रीवास्तव और ब्यावर से शौकीन काठात को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नई टीम के गठन से आगामी चुनावों में संगठन को मजबूती मिलेगी और आम आदमी पार्टी प्रदेश में एक सशक्त विकल्प के रूप में उभरेगी।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *