Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

नवरात्र में चल रहे भंडारे में घुसी बेलगाम बस, 15 घायल, घायलों का इलाज जारी

नवरात्र में चल रहे भंडारे में घुसी बेलगाम बस, 15 घायल, देर रात तक घायलों का इलाज जारी

जबलपुर, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मप्र के जबलपुर में सिहोरा थानांतर्गत स्टेडियम के पास गौरी तिराहा में नवरात्रि के उपलक्ष्य में बीती रात चल रहे भंडारे में श्रद्धालुओं के बीच एक बेलगाम बस अचानक घुस गई और श्रद्धालुओं को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। इस घटना में 14 लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्र से आए श्रद्धालु भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार बस ने पीछे से उन्हें रौंद दिया। हादसे में एक मोटरसाइकिल भी बस के नीचे फंस गई, जिसे चालक करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया।

घायलों में रोली सोनी, ममता कोल, खुशबू वंशकार, संध्या चौधरी, शिखा चौधरी, कैलाश चौधरी, मनीष दाहिया, कोदू लाल बर्मन और सोहन लाल सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सिविल अस्पताल सिहोरा पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद पांच लोगों को गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया गया।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बस चालक की जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था, हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि बाईपास पर नो-एंट्री होने के बावजूद खाली बस इतनी भीड़भाड़ वाले इलाके में कैसे पहुंच गई। लोगों ने प्रशासन और पुलिस की निगरानी पर भी नाराजगी जताई है।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सिहोरा में हुई बस दुर्घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने इस संबंध में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह से बात कर घायलों के समुचित उपचार सुनिश्चित करने के लिए कहा। मेडिकल कॉलेज जबलपुर में उपचार भर्ती घायल व्यक्तियों तथा उनके परिजनों से देर रात संभागायुक्त धनंजय सिंह एवं पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा ने भेंट की तथा उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय भी इस मौके पर उनके साथ थे। सभी घायलों के उपचार में कोई कसर बाकी नहीं रखने के निर्देश चिकित्सकों को दिये।

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बुधवार काे बताया कि सिहोरा बस दुर्घटना में उपचार के लिये मेडिकल कॉलेज रेफर किये गये सभी सात घायलों के परिजनों को तात्कालिक सहायता के रूप में रेडक्रॉस सोसायटी से दस-दस हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *