Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
SPORTS

पीकेएल-12 : दबंग दिल्ली को हराकर बेंगलुरू बुल्स ने क्वालीफायर में बनाई जगह

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 12वें सीजन में शनिवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में बेंगलुरू बुल्स ने दबंग दिल्ली केसी को 33-23 के अंतर से हराकर क्वालीफायर में अपनी जगह पक्की कर ली। त्यागराज इंडोर स्टेडियम में खेले गए इस मैच के बाद बुल्स अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है और अब उसके नाम के आगे क्वालीफिकेशन का निशान लग गया है।

बुल्स की जीत के हीरो रहे अलीरेजा मीरजाइन, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 अंक हासिल किए। डिफेंस में संजय (4 अंक), कप्तान योगेश (3) और दीपक संकर (3) ने बेहतरीन तालमेल दिखाया। दिल्ली की ओर से मोहित ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए रेड और डिफेंस से कुल 11 अंक जुटाए, लेकिन टीम को 17 मैचों में चौथी हार से नहीं बचा पाए। वहीं बुल्स ने अपने 16वें मुकाबले में नौवीं जीत दर्ज की।

दिल्ली की तेज शुरुआत, लेकिन बुल्स की वापसी

दिल्ली ने मैच की धमाकेदार शुरुआत करते हुए 3-0 की बढ़त बनाई। बुल्स का खाता पांचवें मिनट में आशीष के रेड प्वाइंट से खुला। कप्तान योगेश ने मोहित को लपककर अलीरेजा को रिवाइव कराया और जल्द ही स्कोर 4-4 की बराबरी पर पहुंच गया। इसके बाद दीपक संकर ने नवीन कुमार को बैकहोल्ड में लेकर बुल्स को पहली बार बढ़त दिलाई।

हाफटाइम तक बुल्स ने संभाली बढ़त

पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला रहा। 10 मिनट के बाद स्कोर 6-6 था, लेकिन आकाश के मल्टीप्वाइंटर से बुल्स ने 10-9 की लीड बना ली। डू ऑर डाई रेड में दीपक ने नीरज को डैश करते हुए दो अंक बटोरे और हाफटाइम तक बुल्स 12-10 से आगे हो गए।

दूसरे हाफ में अलीरेजा का जलवा

दूसरे हाफ में अलीरेजा ने लगातार रेड्स में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले नवीन को आउट किया और फिर बुल्स के डिफेंस ने अजिंक्य को लपककर दिल्ली को पहला ऑलआउट दिया। इससे बुल्स ने 19-12 की मजबूत बढ़त बना ली। इसके बाद अलीरेजा ने सुपर रेड लगाते हुए न सिर्फ सुपर-10 पूरा किया बल्कि मैच का रुख पूरी तरह बुल्स के पक्ष में मोड़ दिया।

दिल्ली की देर से वापसी, पर नाकाफी

दिल्ली ने आखिरी चरण में मोहित के दम पर बुल्स को एक बार ऑलआउट जरूर किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बुल्स ने अपने संतुलित खेल और अनुशासित डिफेंस के दम पर 33-23 से मुकाबला अपने नाम किया।

इस जीत के साथ बेंगलुरू बुल्स ने न केवल क्वालीफायर का टिकट कटाया, बल्कि लीग के प्लेऑफ़ में अपनी दावेदारी को भी और मजबूत कर लिया है।

——————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *