Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
SPORTS

भारत बनाम नीदरलैंड्स डेविस कप मुकाबले की मेजबानी करेगा बेंगलुरु

कर्नाटक स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन लोगो

– एसएम कृष्णा टेनिस स्टेडियम में 7–8 फरवरी, 2026 को खेला जाएगा टाई

नई दिल्ली, 05 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बेंगलुरु को भारत व नीदरलैंड्स के बीच होने वाले डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप स्टेज टाई की मेजबानी दी गई है। ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) और कर्नाटक स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन (केएसएलटीए) ने शुक्रवार को उक्त घोषणा की। 7–8 फरवरी 2026 को यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टेनिस मुकाबला एसएम कृष्णा टेनिस स्टेडियम में आयोजित होगा। मुकाबले की तारीखें, स्थल संबंधी विवरण और टिकटिंग जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।

बेंगलुरु लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय टेनिस आयोजनों की सफल मेजबानी करता रहा है और यहां का समर्पित दर्शक वर्ग खेल को हमेशा उत्साहपूर्ण समर्थन देता है। हाल ही में आयोजित बिली जीन किंग कप प्ले-ऑफ्स ने भी शहर की मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल आयोजन क्षमता और प्रशंसकों के जुनून को विश्व स्तर पर साबित किया था। डेविस कप के साथ बेंगलुरु का पुराना नाता रहा है। शहर ने इससे पहले 1970 (ऑस्ट्रेलिया), 1985 (स्वीडन), 2013 (इंडोनेशिया), 2014 (सर्बिया) और 2017 (उज़्बेकिस्तान) के खिलाफ मुकाबलों की मेजबानी की है। इन ऐतिहासिक मैचों ने बेंगलुरु की प्रतिष्ठा को एक प्रमुख वैश्विक टेनिस गंतव्य के रूप में और मजबूत किया है।

भारत वर्तमान डेविस कप रैंकिंग में 33वें स्थान पर है और अब तक तीन बार (1966, 1974, 1987) फाइनल में पहुंच चुका है। सितंबर 2025 में स्विट्जरलैंड पर 3–1 की जीत के साथ भारत ने 2026 क्वॉलिफायर्स में जगह बनाई थी। यह 1993 के बाद किसी यूरोपीय टीम पर पहली जीत थी। सुमित नागल और दक्षिणेश्वर सुरेश के नेतृत्व में यह भारत का 2019 में नए फॉर्मेट के लागू होने के बाद का सबसे मजबूत प्रदर्शन माना गया। आगामी टाई में भारत का सामना नीदरलैंड्स से होगा, जो विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर है और 2024 डेविस कप का उपविजेता रहा है। पिछले वर्ष फाइनलिस्ट रहने के कारण नीदरलैंड्स को 2026 क्वॉलिफायर्स के दूसरे राउंड में सीधे प्रवेश मिला है।

इस अवसर पर केएसएलटीए ने एक और वैश्विक आयोजन की मेजबानी को गर्व का विषय बताया। कर्नाटक के आईटी-बीटी एवं ग्रामीण विकास मंत्री, केएसएलटीए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री प्रियंक एम. खड़गे ने कहा, “भारत-नीदरलैंड्स डेविस कप मुकाबले की मेजबानी के लिए बेंगलुरु का चयन होना हमारे लिए सम्मान की बात है। हमें सरकार, कॉर्पोरेट जगत और शहर के लोगों से पूरा समर्थन मिलने की उम्मीद है। डेविस कप राष्ट्रीय भावना से जुड़ा एक विशेष आयोजन है और हमें विश्वास है कि यह मुकाबला युवाओं को प्रेरित करेगा और टेनिस समुदाय को करीब लाएगा।”

केएसएलटीए ने टीम इंडिया, टीम नीदरलैंड्स और देशभर के टेनिस प्रेमियों का बेंगलुरु में स्वागत करते हुए कहा कि यह डेविस कप सप्ताहांत बेहद रोमांचक होने वाला है। आधुनिक सुविधाओं और अनुभवी आयोजन टीम के साथ बेंगलुरु एक और बड़े अंतरराष्ट्रीय टेनिस आयोजन की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *