Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

भोपालः पुलिस की पिटाई से युवक की मौत के विरोध में प्रदर्शन, निकाला कैंडल मार्च

कैंडल मार्च

भोपाल, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर उदित गायकी (20) की पुलिस पिटाई से हुई मौत के विरोध में सोमवार शाम को विरोध प्रदर्शन हुआ। अपेक्स बैंक से रोशनपुरा चौराहे तक निकले कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। भीड़ में युवा, महिला, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र और आम नागरिक शामिल थे। सबके हाथों में मोमबत्तियां थीं और एक ही आवाज आ रही थी कि ‘उदित को इंसाफ दो, दोषियों को सजा दो। इस दौरान लोगों ने मौन रखकर दिवंगत उदित को श्रद्धांजलि दी।

इस कैंडल मार्च में उदित के दोस्तों के अलावा उनके परिवार एवं अन्य परिजन भी मौजूद रहे। उन्होंने लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सिर्फ उदित की लड़ाई नहीं है, बल्कि पूरे समाज की लड़ाई है। परिवार के लोगों ने कहा कि हमारे बेटे के साथ जो हुआ, वह किसी और के साथ न हो, न्याय के लिए आवाज़ ज़रूर उठाएं।

गौरतलब है कि बीते गुरुवार की देर रात पिपलानी थाने में पदस्थ आरक्षक संतोष बामनिया और सौरभ आर्य ने उदित की बेरहमी से पिटाई कर दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। मामले में आरक्षक संतोष बामनिया और सौरभ आर्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। दोनों को रविवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। शनिवार को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह बेरहमी से की गई पिटाई, ट्रॉमा अटैक और पैनक्रियाज डैमेज बताई गई थी।

(Udaipur Kiran) तोमर

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *