
भोपाल, 09 दिसम्बर (Udaipur Kiran) . Madhya Pradesh की राजधानी भोपाल से करीब 14 किलोमीटर दूर स्थित ऐतिहासिक गांव जगदीशपुर में मंगलवार को उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब सड़क संकेतकों पर जगदीशपुर की जगह इस्लाम नगर लिखा पाया गया. इसके साथ ही एक किलोमीटर स्टोन के उखड़े होने की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया. हिंदू उत्सव समिति के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गांव के मूल और आधिकारिक नाम से छेड़छाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को संवेदनशील होने से संभाला.
गौरतलब है कि यह गांव ऐतिहासिक विरासत के लिए जाना जाता है. यहां 17वीं शताब्दी का किला और चमन महल जैसे दर्शनीय स्थल हैं, जिन्हें देखने देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं. पहले इस गांव का नाम इस्लाम नगर था, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार की स्वीकृति के बाद 1 फरवरी 2023 से इसका नाम आधिकारिक रूप से जगदीशपुर कर दिया गया था. राज्य सरकार ने इसकी अधिसूचना राजपत्र में भी प्रकाशित की थी. नाम परिवर्तन के बाद गांव में जश्न का माहौल देखने को मिला था. लोगों ने आतिशबाजी की, मिठाइयां बांटीं और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी जाहिर की थी. हालांकि इसके बावजूद कई महीनों तक कुछ स्थानों पर पुराने नाम वाले बोर्ड लगे रहे, जिन्हें पहले विरोध के बाद बदला गया था.
मंगलवार को लांबाखेड़ा-जगदीशपुर मार्ग पर लगे कई संकेतक बोर्डों पर जगदीशपुर की जगह ‘इस्लाम नगर’ लिखे जाने और एक मस्जिद के समीप स्थित किलोमीटर मीटर बोर्ड के क्षतिग्रस्त पाए जाने की घटना ने स्थानीय क्षेत्र में भारी आक्रोश पैदा कर दिया. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और हिंदू उत्सव समिति के पदाधिकारी समेत कई लोग इकट्ठा हो गए और मौके पर पहुंचकर इस कृत्य के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, देवलखेड़ी सरपंच अजय सैनी, राजेश शर्मा सहित सैकड़ों लोगों ने ने कहा कि क्षेत्र के ऐतिहासिक और मूल नाम से छेड़छाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं है. यह केवल नाम बदलने का मुद्दा नहीं, बल्कि जनभावनाओं से खिलवाड़ है. उन्होंने दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की. विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं ने मौके पर जगदीशपुर पर्यटन स्थल’ का नया फ्लेक्स भी लगाया. वहीं, स्थानीय प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें
– सभी संकेतक बोर्डों पर तत्काल ‘जगदीशपुर’ नाम बहाल किया जाए.- उखड़े और क्षतिग्रस्त किलोमीटर स्टोन की मरम्मत की जाए.- पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए.
(Udaipur Kiran) तोमर
