Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

भोपालः मंत्री निर्मला भूरिया ने किया बाल निकेतन का औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

भोपालः मंत्री निर्मला भूरिया ने किया बाल निकेतन का औचक निरीक्षण
भोपालः मंत्री निर्मला भूरिया ने किया बाल निकेतन का औचक निरीक्षण

भोपाल, 24 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने बुधवार को राजधानी भोपाल के हमीदिया रोड स्थित बाल निकेतन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां मौजूद बच्चों से बातचीत कर उनकी शिक्षा, भोजन, आवास और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री निर्मला भूरिया ने संयुक्त संचालक नकीजहां कुरैशी और बाल निकेतन अधीक्षक हरिओम शर्मा को निर्देशित किया कि बच्चों के आवास, पोषण, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर और गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों की भावनात्मक और मानसिक आवश्यकताओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

मंत्री निर्मला भूरिया ने बाल निकेतन के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण करते हुए रहने के कक्ष, इंडोर गेम्स हॉल, ऑडिटोरियम और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली। इस अवसर पर बच्चों ने नृत्य और गायन प्रस्तुत कर अपने हुनर का प्रदर्शन किया, जिसे मंत्री निर्मला भूरिया ने सराहा। मंत्री से बच्चों ने अपने पसंदीदा पर्यटन स्थल पर भ्रमण की इच्छा भी जताई, जिसे सुनते ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि बाल निकेतन में अनाथ, निराश्रित और परित्यक्त बच्चों को बाल कल्याण समिति के माध्यम से प्रवेश देकर उन्हें आवास, भोजन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। यह संस्था समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों के पुनर्वास और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *