Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
ASSAM

भूपेन हज़ारिका की पुण्यतिथि विशेष रूप से मनाई जाएगी, मुख्यमंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा

भूपेन हज़ारिका की पुण्यतिथि विशेष रूप से मनाने की तैयारी बैठक करते हुए मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरम।

गुवाहाटी, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारत रत्न डॉ. भूपेन हज़ारिका के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में राज्य सरकार उनकी पुण्यतिथि को विशेष रूप से मनाएगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को विभिन्न जिलों के गार्जियन मंत्रियों, जिला आयुक्तों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विस्तृत समीक्षा बैठक की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार भूपेन हज़ारिका की जन्मशती वर्ष को वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से मना रही है। इसी क्रम में उनकी पुण्यतिथि 5 नवम्बर को पूरे राज्य में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के रूप में आयोजित की जाएगी।

बैठक में सांस्कृतिक कार्य विभाग ने जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत योजना प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रत्येक जिले में स्थानीय कलाकार भूपेन हज़ारिका के प्रसिद्ध गीतों के साथ “मानुहे मानुहर बाबे” गीत का सामूहिक गायन करेंगे।

डॉ. सरमा ने सुझाव दिया कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इन कार्यक्रमों का आयोजन प्रमुख स्थलों पर किया जाए। बड़े जिलों में आवश्यकता अनुसार सम-जिलों में भी अतिरिक्त कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। उन्होंने जिला आयुक्तों को अपने-अपने गार्जियन मंत्रियों से समन्वय कर सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर वित्त मंत्री अजंता नेओग, सहकारिता मंत्री जोगेन मोहन, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री जयंत मल्ल बरुवा, विद्युत मंत्री प्रशांत फूकन, श्रम कल्याण मंत्री रूपेश गोवाला सहित कई मंत्री, मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा, अतिरिक्त मुख्य सचिव अजय तिवारी, बी कल्याण चक्रवर्ती, डॉ. केके द्विवेदी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *