Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

भूटान के सोनम येशे ने रचा इतिहास, टी-20 क्रिकेट में 8 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने

भूटान के बाएं हाथ के स्पिनर सोनम येशे

गेलेफू (भूटान), 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भूटान के बाएं हाथ के स्पिनर सोनम येशे ने क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। 22 वर्षीय सोनम येशे टी-20 क्रिकेट में 8 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज़ बन गए हैं। यह ऐतिहासिक उपलब्धि उन्होंने म्यांमार के खिलाफ खेले गए तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में हासिल की।

सोनम येशे ने गेलेफू में खेले गए इस मैच में 4 ओवर में महज 7 रन देकर 8 विकेट झटके, जिसमें एक मेडन ओवर भी शामिल रहा। उनका इकोनॉमी रेट सिर्फ 1.75 का रहा। भूटान क्रिकेट ने इस ऐतिहासिक प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “यादगार स्पेल! सोनम येशे का 4 ओवर में 8/7 का अविश्वसनीय प्रदर्शन विश्व रिकॉर्ड बन गया।”

सोनम येशे की घातक गेंदबाज़ी के सामने म्यांमार की पूरी टीम 45 रन पर सिमट गई, जबकि वह 128 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। भूटान ने यह मुकाबला 82 रन के बड़े अंतर से जीत लिया। इस जीत के साथ ही भूटान ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज़ में 4-0 की अजेय बढ़त बना ली है। इस सीरीज़ में अब तक सोनम येशे चार मैचों में 12 विकेट ले चुके हैं।

सोनम येशे से पहले पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सिर्फ दो गेंदबाज़ ही 7 विकेट लेने का कारनामा कर पाए थे। मलेशिया के स्याज़रुल इद्रुस ने 2023 में चीन के खिलाफ 7/8 विकेट लिए थे, जबकि बहरीन के अली दाऊद ने 2025 में भूटान के खिलाफ 7/19 विकेट झटके थे। पुरुष टी-20 क्रिकेट (टी-20I और घरेलू टी-20 मिलाकर) में इससे पहले किसी भी गेंदबाज़ ने 8 विकेट नहीं लिए थे।

टी-20 क्रिकेट में 7 विकेट लेने वाले अन्य गेंदबाज़ों में कोलिन एकरमैन (2019 में लीसेस्टरशायर के लिए 7/18) और तस्किन अहमद (2025 में दुरबार राजशाही के लिए 7/19) शामिल हैं।

सोनम येशे ने जुलाई 2022 में मलेशिया के खिलाफ अपना टी-20 डेब्यू किया था। अब तक वह 34 मैचों की 33 पारियों में 37 विकेट ले चुके हैं। उनका औसत 17.37 और इकोनॉमी 5.69 की रही है। उनके नाम टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक चार विकेट हॉल और एक पांच विकेट हॉल भी दर्ज है।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *