Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

अवैध कारोबारियों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 83 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

जिला परिवाहन अधिकारी संदीप साहा
पश्चिम मेदिनीपुर टोटो रजिस्ट्रेशन समस्या

मेदिनीपुर, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । पश्चिम मेदिनीपुर जिले में अवैध रूप से टोटो (ई-रिक्शा) की बिक्री और पंजीकरण में अनियमितताओं के खिलाफ जिला परिवहन दफ्तर ने बुधवार को सख्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत अवैध कारोबारियों से 83 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से जिले भर में हड़कंप मच गया है।

जिला परिवहन दफ्तर के अनुसार, लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि कई डीलर नियमों को ताक पर रखकर टोटो की बिक्री कर रहे हैं और पुराने टोटो के पंजीकरण में जान-बूझकर आनाकानी कर रहे हैं। टोटो यूनियन की ओर से भी शिकायत की गई है कि चालकों पर नया टोटो खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि नए के साथ-साथ पुराने टोटो का भी रजिस्ट्रेशन होना चाहिए।

इस पूरे मामले पर परिवहन अधिकारी संदीप साहा ने स्पष्ट कहा कि सरकार की मंशा है कि गरीब और मेहनतकश टोटो चालकों पर किसी तरह का दबाव न पड़े और उनका पंजीकरण भी आसानी से हो जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने इसके लिए पहले से ही आवश्यक व्यवस्था कर रखी है, ताकि पात्र टोटो चालकों का नियमानुसार रजिस्ट्रेशन किया जा सके।

संदीप साहा ने कहा कि बिना पंजीकरण, फिटनेस और वैध दस्तावेजों के टोटो किसी भी हालत में सड़क पर नहीं चलने दिए जाएंगे, साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई डीलर या बिचौलिया टोटो चालकों को परेशान करता है, पुराने टोटो का रजिस्ट्रेशन रोकता है या जबरन नया वाहन खरीदने के लिए दबाव बनाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग ने टोटो चालकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की समस्या या अवैध दबाव की जानकारी सीधे जिला परिवहन कार्यालय या संबंधित अधिकारियों को दें। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *