सवाई माधोपुर में रिश्वतखोरी पर बड़ा एक्शन: जिला उद्योग केंद्र का वरिष्ठ सहायक 25 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
सवाई माधोपुर, 01 जनवरी। (Udaipur Kiran). भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सवाई माधोपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला उद्योग केंद्र के वरिष्ठ सहायक सूर्यप्रकाश नामा को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सरकारी योजना के तहत सब्सिडी और ब्याज अनुदान दिलाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर यह कार्रवाई एसीबी सवाई माधोपुर इकाई द्वारा की गई। महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी की शिकायत पर जांच की गई थी, जिसमें सामने आया कि जिला उद्योग केंद्र सवाई माधोपुर में कार्यरत वरिष्ठ सहायक सूर्यप्रकाश नामा, परिवादी के पिता और भाइयों के नाम से संचालित दुकानों को डॉ. भीमराव अंबेडकर दलित प्रोत्साहन योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी व ब्याज अनुदान राशि जारी करने की एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत के सत्यापन के दौरान यह पुष्टि हुई कि आरोपी ने कुल 30 हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें से 25 हजार रुपये लेने पर सहमति बनी। 24 दिसंबर 2025 को मांग की पुष्टि के बाद एसीबी द्वारा जाल बिछाया गया।
एसीबी भरतपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान सिंह चौधरी के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी सूर्यप्रकाश नामा को परिवादी से 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।



