अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, सात ट्रैक्टर ट्राली सीज़

हरिद्वार, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री के निर्देश पर राजस्व हानि रोकने के लिए अवैध खनन पर कार्रवाई जारी है। खनन विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त सात ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और खनन विभाग को अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के पालन में जिला खान अधिकारी मोहम्मद काजिम खान के नेतृत्व में भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की टीम ने तहसील लक्सर के ग्राम रामपुर रायघटी क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। मौके पर टीम ने सात ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रूप से खनन सामग्री ले जाते हुए पकड़ा। ग्रामीणों की मदद से सभी वाहनों को पुलिस चौकी भिक्कमपुर के सुपुर्द किया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि राजस्व हानि पहुँचाने वालों और अवैध खनन में शामिल खनन माफियाओं के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति पर काम किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे औचक निरीक्षण और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला



