Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव- 9 जनवरी से, उत्सव के साथ होगा बर्ड फेस्टिवल का भी आयोजन

अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव- 9 जनवरी से, उत्सव के साथ होगा बर्ड फेस्टिवल का भी आयोजन

बीकानेर, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले में इस बार 9 से 11 जनवरी तक आयोजित हो रहे अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को एडीएम प्रशासन सुरेश यादव की अध्यक्षता में बैठक का आय़ोजन किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में यादव ने तैयारियों को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं चाक चौंबद रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव के दौरान वन विभाग के सहयोग से बर्ड फेस्टिवल का आयोजन भी जोड़बीड़ स्थित लव कुश वाटिका में 10 जनवरी को किया जाएगा। वन विभाग के डीएफओ संदीप छंगाणी ने बताया कि बर्ड फेस्टिवल में लव कुश वाटिका और जोड़बीड़ में नेचर वॉक व बर्ड वॉचिंग किया जाएगा। छंगाणी ने बताया कि जोड़बीड़ में 6 प्रकार के गिद्ध की प्रजाति के अलावा 10 से अधिक शिकारी पक्षी चील, बाज, शिखरा इत्यादि की प्रजाति पाई जाती है। इसके अलावा मरू लोमड़ी, चिंकारा, सरीसृप प्रजाति के जीव जंतु भी बड़ी संख्या में देखने को मिलेंगे।

पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ ने बताया कि इस बार कर्नल वी.एस.राठौड़ की विंग मास्टर्स कंपनी के सहयोग से पैरामोटरिंग का आयोजन भी सादुल क्लब ग्राउंड में 10 जनवरी को और रायसर में 11 जनवरी को किया जाएगा। कर्नल वी.एस.राठौड़ ने बताया कि इस दौरान बीकानेर शहर का जॉय राइडिंग के जरिए एरियल एक्सपीरियंस करवाया जाएगा। साथ ही स्मॉक शो, फ्लावर ड्रॉप का आयोजन किया जाएगा।

राठौड़ ने बताया कि ऊंट उत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेेने के लिए प्रतिभागियों को आवेदन प्रपत्र 19 दिसंबर से पर्यटन सेवा केंद्र में मिलने शुरू हो गए हैं। कार्यालय समय में आवेदन लिए जा सकते हैं। आवेदन प्रपत्र जमा करवाने की अंतिम तिथि 06 जनवरी रखी गई है।

पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ ने बताया कि ऊंट उत्सव 9 जनवरी से शुरू होगा। लेकिन उससे पहले 2 जनवरी को जिला मुख्यालय के लोगों को उत्सव में आमंत्रित करने के लिए पीले चावल बांटने का कार्य ”आवण री मनुहार” सुबह 8 बजे लक्ष्मीनाथ जी मंदिर से शुरू होकर शहर के विभिन्न भागों में किया जाएगा। इस दौरान ऊंटों के साथ रोबिले चलते नजर आएंगे।

संयुक्त निदेशक राठौड़ ने बताया कि 09 जनवरी को हमारी विरासत कार्यक्रम के तहत ”हेरिटेज वॉक” का आयोजन सुबह 08 से 10 बजे तक लक्ष्मीनाथ जी मंदिर से रामपुरिया हवेली तक किया जाएगा। जो बड़ा बाजार, मोहता चौक, हनुमानगढ़ मंदिर, असानिया चौक होते हुए रामपुरिया हवेली पहुंचेगी। तत्पश्चात सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक जिला उद्योग केन्द्र की ओर से ”मान मनुहार” कार्यक्रम के तहत ”ट्रेडिशनल बीकानेरी फूड फेस्टिवल” का आयोजन जिला उद्योग केन्द्र में किया जाएगा। सुबह 11 से शाम 05 बजे तक डॉ करणी सिंह स्टेडियम में ”ऊंटां रो इतिहास-विरासत के साथ” के अंतर्गत कला प्रदर्शनी का आयोजन राजस्थान राज्य अभिलेखागार की ओर से किया जाएगा। दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक धरणीधर ग्राऊंड में प्राऊड एंड प्राइड ऑफ बीकानेर कार्यक्रम के तहत मिस्टर बीकाणा, मिस मरवण शो और ढोला मारू कॉम्पिटिशन का भव्य आयोजन होगा। तत्पश्चात धरणीधर ग्राऊंड पर ही शाम 7 से रात 10 बजे तक ”बीकाणा री आवाज” ( वॉयस ऑफ बीकानेर) कार्यक्रम के अंतर्गत ”लोकल ग्रुप म्यूजिकल बैंड कॉम्पिटिशन” का आयोजन होगा। जिसमें विजेता टीम का प्रदर्शन अगले दिन डॉ करणी सिंह स्टेडियम में भी करवाया जाएगा।

संयुक्त निदेशक राठौड़ ने बताया कि 10 जनवरी को सुबह 08 से 9 बजे तक ”करें योग रहें निरोग” कार्यक्रम के तहत सांसोलाव तालाब किनारे ”फ्लो योगा प्रैक्टिस” करवाई जाएगी। सुबह 09 से दोपहर ढाई बजे तक राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र (एनआरसीसी) में ”ऊंटां री बातां” कार्यक्रम के तहत ऊंट नृत्य, ऊंट फर कटिंग, ऊंट साज-सज्जा,ऊंट दौड़ और घुड़दौड़ का आयोजन किया जाएगा।शाम 07 से रात 10 बजे तक डॉ करणी सिंह स्टेडियम में बेस्ट ऑफ राजस्थान फोक नाइट कार्यक्रम के तहत लोकल और राजस्थानी कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की भव्य प्रस्तुति दी जाएगी।

पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक राठौड़ ने बताया कि 11 जनवरी को सुबह 09 से दोपहर 1 बजे तक रायसर में ”दम-खम ग्रामीण खेल” कार्यक्रम के तहत रस्साकशी, कुश्ती, कबड्डी, विदेशियों द्वारा पगड़ी बांधना,महिला मटका दौड़, देशी-विदेशी पर्यटकों के बीच धोरों पर दौड़ का आयोजन किया जाएगा। दोपहर डेढ़ से शाम साढ़े 6 बजे तक ”रेत का समंदर” कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रकार की एडवेंचर एक्टिविटी और डेजर्ट एक्सपीरियंस करवाया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत पुष्कर के अजय रावत द्वारा सेंड आर्ट प्रदर्शनी का आयोजन होगा। साथ ही हैंडीक्राफ्ट व फूड बाजार, भारतीय परंपरानुसार विदेशी जोड़े की शादी, कैमल सफारी, ऊंट गाड़ी सफारी, घुड़दौड़ का आयोजन होगा। शाम 06 बजे से रात 10 बजे तक रायसर में ही रंगीलो राजस्थान कार्यक्रम के तहत नॉर्थ ईस्ट, हिमाचल, जम्मू एंड कश्मीर, बंगाल, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, पंजाब समेत देश भर से आ रहे लोक कलाकारों द्वारा भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही जसनाथी संप्रदाय के लोगों द्वारा अग्नि नृत्य की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

बैठक में एडिश्नल एसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़, निगम उपायुक्त यशपाल आहूजा, बीडीए उपायुक्त ऋषि पांडे, जिला उद्योग संघ अध्यक्ष डीपी पचीसिया, रायसर से शैलेन्द्र सिंह, एयरोमोटो से कर्नल वी.एस.राठौड़ समेत राज्य अभिलेखागार से डॉ नितिन गोयल, म्यूजियम से श्री राकेश शर्मा, पशुपालन से संयुक्त निदेशक डॉ बिरमाराम, एनआरसीसी से दिनेश मुंजाल पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक महेश व्यास, सहायक पर्यटन अधिकारी नेहा शेखावत एवं श्री योगेश राय समेत विभिन्न होटल व्यवसायी व पर्यटन से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / राजीव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *