Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

भाजपा सरकार किसानों व लोगों की आर्थिक तरक्की के लिए गौपालन को बढ़ावा दे रही है- हेमंत

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने मंगलवार को बैतूल के जामठी में गोवर्धन पूजा कर संबोधित किया

बैतूल, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने मंगलवार को बैतूल के जामठी में भारत भारती गौशाला में गोवर्धन पूजा कर संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अहंकार का दमन कर समाज को एकता और सहयोग का संदेश दिया। गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण के बताए मार्ग पर चलने के लिए की जाती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों और पशुपालकों की आर्थिक तरक्की के लिए गोपालन को बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने गोमाता की पूजन-अर्चन कर उन्हें गोग्रास अर्पण किया। कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने भी संबोधित किया। गो सेवा के उल्लेखनीय कार्य के लिए गो सेवकों को प्रशस्ति-पत्र भी वितरण किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में स्वर्णिम मध्यप्रदेश बन रहा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मप्र की भाजपा सरकार किसानों की आर्थिक तरक्की के लिए कई योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्य प्रदेश को स्वर्णिम मध्यप्रदेश बना रहे हैं। स्वर्णिम मध्य प्रदेश के लिए हर किसान, गरीब और पशुपालकों की आय को भी बढ़ाने के लिए गौपालन व पशुपालन को बढ़ावा दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने गायों के प्रतिदिन आहार की राशि को 20 रूपए से बढ़ाकर 40 रूपए कर चुके हैं। गौशाला खोलने के लिए अनुदान दिया जा रहा है। 10 से अधिक गायों को पालने पर अनुदान देने के साथ हर विकासखंड में वृंदावन गांव बना रहे हैं, ताकि किसानों और पशुपालकों की आय को दोगुना किया जा सके।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के प्रकोप से लोगों को बचाने के लिए अपनी एक उंगली पर गोवर्धन पर्वत को धारण किया था। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन को धारण कर इंद्र के अहंकार का दमन कर समाज में एकता और सहयोग का संदेश दिया था। हम सभी भगवान श्रीकृष्ण के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रति वर्ष गोवर्धन पूजा करते हैं। गोवर्धन पूजन कोई कर्मकांड नहीं, यह गौमाता के प्रति हमारी कृतज्ञता और आभार का भाव है। दीपोत्सव के इन पांच दिनों में आत्म तत्व और दिव्य तत्व की वर्षा होती है, जिससे हम सभी लाभान्वित होते हैं। इसी अवधि भगवान श्री कृष्ण ने नकारात्मक रूपी आसुरी शक्तियों का नाश कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया था।

इस अवसर पर विद्याभारती जनजातीय शिक्षा के राष्ट्रीय सह संयोजक बुधपाल सिंह ठाकुर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता व आमजन उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *