भाजपा विधायक ने काली पहाड़ी नेशनल हाईवे जामकर किया प्रदर्शन

भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल

आसनसोल (बर्दवान), 11 दिसंबर (Udaipur Kiran) . आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल ने बुधवार रात काली पहाड़ी स्थित एनएच 19 इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ रोड जाम कर विरोध जताया.

दरअसल, बुधवार शाम भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल तिराट इलाके में गई थी. वहां पर वह जनसंपर्क कर रही थीं. इस दौरान अग्निमित्रा पाल ने आरोप लगाया स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता और पंचायत सदस्य सुबीर बनर्जी वहां अपने समर्थकों के साथ आए और विधायक के साथ अभद्र आचरण करने लगे. उनसे यह पूछने वालों की विधायक पिछले साढ़े चार सालों में कहां थी, इतना ही नहीं सुबीर बनर्जी ने तृणमूल की महिला कार्यकर्ताओं को उनके पीछे लगा दिया और उन महिला कार्यकर्ताओं ने उनके गाड़ी को लगभग एक घंटे से ज्यादा समय तक रोक कर रखा. पुलिस को सूचना दी गई. सूचना पाकर पुलिस वहां पर पहुंची लेकिन उन्होंने तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ बहुत नरमी से बात की. भाजपा विधायक को वहां से निकालने का कोई प्रयास नहीं किया.

भाजपा विधायक का कहना था कि अगर तृणमूल को लगता है कि वह इस तरह से भाजपा विधायकों का रास्ता रोककर भाजपा का मनोबल गिराएगी तो यह सम्भव नहीं होगा. अग्निमित्रा पाल ने कहा के इस क्षेत्र में उनकी वजह से बालू का अवैध कारोबार बंद हुआ है. इसी वजह से तृणमूल इस तरह कारनामा कर रही है. हर प्रकार के अवैध कारोबार का पैसा तृणमूल के नेताओं को मिलता है.

तृणमूल द्वारा मिट्टी की अवैध कटाई का आरोप लगाया जा रहा है. इस पर अग्निमित्रा पाल ने कहा कि रेलवे की जमीन से अगर कोई मिट्टी काट कर ले जा रहा है तो इसमें कोई गैर कानूनी मसला नहीं है. उन्होंने साफ कहा कि Chief Minister ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल की सरकार पूरी तरह से विफल रही है. इस क्षेत्र के लोगों को कुछ सुविधा नहीं मिली है और यही बातें जब वह कहते हैं तो तृणमूल के लोगों को चुभ जातीं हैं. सच्चाई यह है कि तृणमूल चोर है और यह बात हम डंके की चोट पर कहते रहेंगे. हालांकि, इस बारे में सुबीर बनर्जी ने कहा कि भाजपा विधायक को रोका नहीं गया था. ना ही उनसे कोई अभद्र आचरण किया गया था.

सुबीर बनर्जी ने कहा कि उनके सुरक्षा में लगे सीआईएसएफ के जवानों ने इलाके की महिलाओं पर गोली चलाने की धमकी दी थी. उसके बाद महिलाएं नाराज हो गई और उन्होंने विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. सुबीर बनर्जी ने भाजपा विधायक पर आरोप लगाया कि आज वह इस क्षेत्र में आईं तो सबसे पहले वह नीम धावड़ा गई थी. वहां पर मिट्टी का अवैध कारोबार चल रहा है. अवैध कारोबारियों के साथ उन्होंने सौदेबाजी की. इसके बाद वह गड़गड़डांगा आईं और उन्होंने यहां पर स्थानीय महिलाओं के साथ काफी गलत आचरण किया.

भाजपा विधायक द्वारा बालू के अवैध कारोबार को रोकने के दावे पर सुबीर बनर्जी ने कहा कि यह बिल्कुल गलत है. इस इलाके में जो भी विकास के कार्य हुए हैं वह या तो जिला परिषद के कारण हुए हैं या इस क्षेत्र के पूर्व तृणमूल विधायक तापस बनर्जी की वजह से हुए हैं लेकिन जब आज भाजपा विधायक ने तापस बनर्जी को लेकर झूठी बातें कहीं तो इलाके के लोग नाराज हो गए. जब हमने इस क्षेत्र की कुछ महिलाओं से बात की तो उन्होंने भी कहा कि भाजपा विधायक ने हीं उनके साथ बदसलूकी की है.

भाजपा विधायक अग्निमित्र पाल के साथ अभद्र आचरण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उबाल था जिसे लेकर बुधवार के शाम को भगत सिंह चौक पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. तृणमूल नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की तथा भाजपा जनप्रतिनिधि के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की निंदा की.

भाजपा जनप्रतिनिधि अभिजीत राय ने कहा कि आए दिन देखा जा रहा है कि भाजपा के जनप्रतिनिधियों के साथ तृणमूल के नेता अभद्र व्यवहार कर रहे हैं और पुलिस प्रशासन मुख्य दर्शक बनी बैठी हुई है. पुलिस में शिकायत करने के बाद भी उनके ऊपर कारवाई नहीं होती.

—————

(Udaipur Kiran) / संतोष विश्वकर्मा

Leave a Comment