Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

शिमला में नाले से डेंटिस्ट का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Crime

शिमला, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजधानी शिमला में लिफ्ट के समीप अतुल्य पार्किंग के पास कृष्णा नगर क्षेत्र में गुरूवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नाले से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव झाड़ियों के बीच पड़ा हुआ था। इसे देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शिमला के चक्कर क्षेत्र निवासी पंकज के रूप में हुई है, जो पेशे से दंत चिकित्सक थे। बताया जा रहा है कि पंकज शहर में अपना निजी डेंटल क्लिनिक चलाते थे। जानकारी अनुसार पंकज पिछले कई दिनों से लापता थे और इस संबंध में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही पुलिस थाना में दर्ज करवाई जा चुकी थी। उसी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव की स्थिति और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि पंकज की मौत किसी हादसे के चलते गिरने से हो सकती है। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और हर पहलू से जांच की जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत किन कारणों से हुई और इसमें किसी तरह की लापरवाही या अन्य कारण तो शामिल नहीं हैं। पुलिस आसपास के इलाके के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि मृतक आखिरी बार कब और कहां देखा गया था।

मामले की जांच थाना सदर पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा किया जा सकेगा। इस घटना से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *