शिमला के नेरवा में बोलेरो खाई में गिरी, दो युवकों की दर्दनाक मौत
शिमला, 13 सितंबर (Udaipur Kiran News)। जिला शिमला के चौपाल उपमंडल के नेरवा थाना क्षेत्र में बीती आधी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेरवा से लगभग तीन किलोमीटर दूर दियांडली सड़क पर एक बोलेरो कैंपर (नंबर HP08A-2578) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान प्रज्वल उर्फ गोलू तंगडाईक (28 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय ओमप्रकाश तंगडाईक, निवासी गांव दियांडली और मनोज उर्फ जोंटी बनाईक (27 वर्ष), पुत्र केदार सिंह बनाईक, निवासी गांव दियांडली के रूप में हुई है। दोनों युवक बोलेरो में सवार होकर देर रात घर लौट रहे थे।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत नेरवा पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से खाई से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नेरवा भेज दिया।
डीएसपी चौपाल सुशांत शर्मा ने सुबह घटना की पुष्टि की और बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वाहन में और कोई सवार न हो।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के पीछे क्या परिस्थितियां थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। दो युवकों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।



