
बेतिया, 12 दिसंबर (Udaipur Kiran) . बेतिया पुलिस जिला के लौरिया-चनपटिया मार्ग स्थित दुबौलिया के पास 8 दिसंबर को पैदल जा रही एक महिला से 50 हजार रुपये और मंगलसूत्र लूटकर फरार हुए दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से लूटी हुई 31,500 रुपये नकद और 4 किलो गांजा बरामद किया गया है.
नरकटियागंज एसडीपीओ जेपी सिंह ने शुक्रवार को बताया कि Superintendent of Police डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. तकनीकी अनुसंधान और बाइक नंबर के आधार पर दोनों बदमाशों की पहचान की गई.
एसडीपीओ ने बताया कि वारदात के बाद भागते समय दोनों आरोपितों की बाइक स्कूल बस से टकरा गई थी जिसके बाद वे वाहन छोड़कर फरार हो गए थे. छोड़ी गई बाइक से उनकी पहचान की पुष्टि हुई. गुरुवार की रात गोबरौरा फॉल के पास से दोनों को दबोचा गया.
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के गोबरधना गांव निवासी सकलदेव साह के पुत्र गोल्डू कुमार तथा संजय प्रसाद के पुत्र कृष्णा कुमार के रूप में की गई है. आरोपित गोल्डू के खिलाफ शिकारपुर थाना में पूर्व से ही 307 का मामला दर्ज है. पुलिस के अनुसार वह घर छोड़कर सिरिसिया में अपनी मौसी के यहाँ रह रहा था.
पूछताछ में दोनों ने बताया कि मंगलसूत्र भागने के दौरान खेत में गिर गया था. पुलिस आगे की कार्रवाई पूर्ण कर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज रही है.
(Udaipur Kiran) / अमानुल हक
