Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

सिरसा: सैंड आर्ट शो से दिखाई चार साहिबजादों की शौर्य गाथा

सैंड आर्ट शो में भाग लेते दर्शक।

सिरसा, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को सिरसा के द आर्यन स्कूल में सैंड आर्ट शो का आयोजन किया गया। इस शो के माध्यम से श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों के बलिदान की शौर्य गाथा दिखाई गई। आर्टिस्ट मनीषा स्वर्णकार द्वारा प्रस्तुत इस आर्ट शो में चारों साहिबजादों की वीर गाथा और उनके सर्वोच्च बलिदान को जीवंत किया गया। कार्यक्रम में मंद संगीत और मार्मिक कथन के साथ, कलाकार ने रेत के कणों को आकार दिया, जिससे श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के इन बहादुर बेटों की कहानी दर्शाई गई।

शो में दिखाया गया कि बहुत ही कम आयु में दोनों साहिबजादों जोरावर सिंह, फतेह सिंह को जीवित दीवार में चिनवा कर शहीद कर दिया गया। यह दृश्य शहादत की गाथा को सर्वोच्च रूप से प्रदर्शित करता था। इसके अलावा दिखाया गया कि साहिबजादा अजीत सिंह तथा साहिबजादा जुझार सिंह मुगलों के साथ युद्ध करते हुए बलिदान हो गए, लेकिन मुगलों के सामने सिर नहीं झुकाया।

जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विजय लक्ष्मी ने कहा कि सैंड आर्ट शो के माध्यम से चार साहिबजादों के जीवन का चित्रण किया गया। इस शो के माध्यम से श्री गुरु गोबिंद सिंह के चार साहिबजादों के बलिदान एवं शौर्य गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इतनी छोटी उम्र में साहिबजादों ने कितनी दृढ़ता दिखाई, उनके बलिदान को युवा पीढ़ी को दिखाया जाना जरूरी है।

चार साहिबजादों की शौर्य गाथा से हमें मानवता की शिक्षा मिलती है। उन्होंने बताया कि वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में स्कूली विद्यार्थियों की जिला स्तर पर चार भाषाओं हिंदी, अंग्रेजी, पंजाबी व संस्कृत में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा रहा है। इसके बाद प्रदेश स्तर पर भी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, शिक्षा विभाग तथा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *