सीकर में रिश्वतखोरी कार्रवाई: पुलिस थाना सदर का हेड कांस्टेबल 10 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
सीकर, 01 जनवरी। (Udaipur Kiran). भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सीकर जिले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना सदर नीमकाथाना में पदस्थ हेड कांस्टेबल राजेश कुमार (एचसी नंबर 171) को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर सीकर इकाई द्वारा की गई इस कार्रवाई के संबंध में महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाइयों के खिलाफ दर्ज प्रकरण संख्या 406/2025 में उन्हें आरोपी नहीं बनाने के एवज में हेड कांस्टेबल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। आरोपी ने पहले 10 हजार रुपये की रिश्वत ले ली थी और शेष 10 हजार रुपये की मांग लगातार कर रहा था।
शिकायत की सत्यता जांचने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। दिनांक 01 जनवरी 2026 को आरोपी हेड कांस्टेबल राजेश कुमार को परिवादी से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
यह कार्रवाई एसीबी जयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरविजन में की गई। ट्रैप टीम का नेतृत्व एसीबी सीकर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार ने किया। आरोपी को मौके पर ही हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी गई है।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



