Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राज्‍य में ब्यूरोक्रेसी बेलगाम- डोटासरा

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा

सीकर, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । सीकर में वन और जिले के प्रभारी मंत्री संजय शर्मा और जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा के बीच हुई बहस को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस घटना को पूरे राजस्थान की हकीकत बताते हुए राज्य सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।

डोटासरा ने कहा कि सीकर से सामने आई प्रभारी मंत्री और जिला कलेक्टर की तस्वीर यह दर्शाती है कि जब से भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री बने हैं, तब से प्रदेश में ब्यूरोक्रेसी बेलगाम हो गई है। जनप्रतिनिधियों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक मंत्री की यह स्थिति है तो आम जनता का हाल क्या होगा। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सीकर से भी बदतर स्थिति जयपुर में है, जहां सांसद मंजू शर्मा को यह कहते देखा गया कि काम करो नहीं तो यहां से जाना पड़ेगा। डोटासरा ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें पाकिस्तान थोड़े ही भेजोगे, उनसे काम करवाओ।

उन्होंने उदयपुर सांसद का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां के सांसद ने बाकायदा पत्र लिखकर कहा है कि प्रशासन इतना हावी है कि उनकी कोई बात नहीं सुनी जाती। वहीं बीकानेर में पुलिस अधीक्षक मंत्री सुमित गोदारा का फोन तक नहीं उठाते।

डोटासरा ने यह भी आरोप लगाया कि संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम, जिन्हें मुख्यमंत्री का करीबी माना जाता है, उन्हें भी जिला कलेक्टर और एसपी ने बैठने तक के लिए नहीं कहा और खड़े-खड़े ही काम पूछ लिया। गौरतलब है कि मंत्री संजय शर्मा 23 दिसंबर को सीकर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे थे, शिविर मेंं अधिकारियों की खाली कुर्सियां देख कर वे नाराज हो गए। बाद में मौके पर पहुंचे कलेक्‍टर शर्मा ने अधिकारियों को पक्ष लिया तो मंत्री शर्मा उखड गए और इस मामले में सीएम से बात करने का कह कर वहां से निकल गए।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *