गुरुग्राम: एचटेट परीक्षा के लिए चार जनवरी तक आवेदन करें अभ्यर्थी: प्रो. पवन कुमार

-बोर्ड अध्यक्ष बोले, सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक खबरों से बनाए दूरी
-परीक्षा संबंधी जानकारी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाईट देखते रहें अभ्यर्थी
गुरुग्राम, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित करवायी जाने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2025 का निर्विघ्न, सुव्यवस्थित संचालन करने, विश्वसनीयता व पवित्रता बरकरार रखने के लिए शिक्षा बोर्ड द्वारा अभूतपूर्व प्रबंध किए जा रहे हैं। परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तारीख चार जनवरी 2026 रात 12 बजे तक है। यह जानकारी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2025 (एचटेट) लेवल-1, 2 व 3 के लिए आवेदन 24 दिसम्बर 2025 से लाईव कर दिए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यान से पढक़र/समझकर चार जनवरी, 2026 रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करें। ऑनलाइन आवेदन व परीक्षा शुल्क के सफलतापूर्वक जमा करने के बाद अभ्यर्थी पुष्टिकरण पृष्ठ का प्रिंट लेना सुनिश्चित कर लें। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अपने विवरण, फोटो, हस्ताक्षर, अंगूठें का निशान, लेवल, विषय के चयन (लेवल 2 व 3), जाति वर्ग, दिव्यांग श्रेणी व गृह राज्य में चार व पांच जनवरी, 2026 को ऑनलाइन संशोधन कर सकते हैं।
बोर्ड अध्यक्ष डा. पवन कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर फैली हुई किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों/दुष्प्रचार पर ध्यान न दें। समय रहते परीक्षा के लिए आवेदन करना सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर को यदि किसी अभ्यर्थी के संज्ञान में आती है तो बोर्ड वेबसाइट पर दिए गए दूरभाष नम्बरों पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को तुरन्त सूचित करें, सूचना देने वाले अभ्यर्थियों के नाम गोपनीय रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी नवीनतम अपडेट के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित तौर पर अवलोकन करते रहें, ताकि वे किसी भी महत्वपूर्ण व अति-आवश्यक जानकारी/सूचना से वंचित न रह जाएं। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा के सफल व पारदर्शी संचालन के लिए प्रदेशभर में परीक्षा केंद्रों की कड़ी निगरानी के लिए बोर्ड द्वारा प्रभावी उडऩदस्तों का गठन किया जाएगा। परीक्षाओं की पल-पल की मानिटरिंग करने के उद्देश्य से भिवानी बोर्ड मुख्यालय पर एक अत्याधुनिक ए.आई. तकनीक से लैस हाईटेक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल परीक्षा आरम्भ होने से काफी समय पूर्व परीक्षा केंद्रों के बाहर तैनात रहेगा।
(Udaipur Kiran)



