Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

घने कोहरे में एक्सप्रेसवे पर बस और कैंटर की टक्कर में कैंटर चालक की मौत

बस और कैंटर (मिनी ट्रक) की टक्कर

अलवर, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । जिले के रेणी थाना क्षेत्र में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह घने कोहरे के चलते भीषण सड़क हादसा हो गया। बस और कैंटर (मिनी ट्रक) की टक्कर में कैंटर चालक उत्तरप्रदेश के अमरोहा निवासी आसिफ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सलमान और बिलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कैंटर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से भी टकरा गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

थानाधिकारी राजपाल चौधरी ने बताया कि हादसा एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 147.7 पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी और बस ने आगे चल रहे कैंटर को पीछे से टक्कर मार दी। कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके शव को रेणी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

घायलों सलमान और बिलाल को एंबुलेंस की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना पर अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

एनएचएआई की टीम ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि घने कोहरे के दौरान तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं और सावधानी बरतें। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *