Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

ट्रेलर से टकराई कार, नवविवाहित युवक सहित दो की मौत

ट्रेलर से टकराई कार, नवविवाहित युवक सहित दो की मौत

नागौर, 04 दिसंबर (Udaipur Kiran) । डीडवाना-कुचामन जिले के निम्बी जोधा पुलिया के पास गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कार सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा स्विफ्ट डिजायर कार और एक ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर से हुआ, जिसमें कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में नागौर निवासी रोहित प्रजापत (24) और उसके भुआ के बेटे मनमीत प्रजापत (27) की मौत हो गई। रोहित का विवाह 29 नवंबर को ही लक्ष्मणगढ़ निवासी नेहा से हुआ था। शादी के बाद रोहित अपनी पत्नी और परिवार के साथ एक पारंपरिक रीति-रिवाज निभाने के लिए ननिहाल सुजानगढ़ (चूरू) जा रहा था, जिसे मायरा मीठा या मिठाई पहुंचाने की परंपरा के रूप में निभाया जाता है। इसी दौरान निम्बी जोधा के पास ओवरटेक के प्रयास में कार और ट्रेलर के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

निम्बी जोधा थाना अधिकारी सिद्धार्थ प्रजापत ने बताया कि हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल रोहित और मनमीत को लाडनूं के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं रोहित की पत्नी नेहा (25), उसकी मां पिंकी (47), पिता मुकेश प्रजापत (50), जसवतंगढ़ निवासी पूजा (23) तथा कार चालक सुजानगढ़ निवासी रोमिल पवार गंभीर रूप से घायल हो गए। रोहित की मां पिंकी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। रोहित और उसका परिवार पिछले 15 वर्षों से इटली में रह रहा था और विवाह समारोह के लिए ही कुछ दिन पहले नागौर आया था। रोहित के पिता मुकेश इटली में डेयरी फॉर्म में काम करते हैं, जबकि रोहित वहां ई-सिगरेट बनाने वाली फैक्ट्री में नौकरी करता था। घटना के दिन रोहित का भाई सुबह ही वापस इटली के लिए रवाना हुआ था। हादसे की सूचना मिलते ही लाडनूं डिप्टी जितेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात फिर से चालू कराया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

—————

(Udaipur Kiran)

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *