Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
CRIME

नशा मुक्ति केंद्र में पूर्व सैनिक की मौत मामले में हत्या का मामला दर्ज, चार गिरफ्तार

Fir

शिमला, 02 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । देखभाल और नशा मुक्ति केंद्र में संदिग्ध मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। पूर्व सैनिक संदीप कुमार (50) की मौत के मामले में अब पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह मामला पहले पुलिस थाना सदर में दर्ज किया गया था, लेकिन क्षेत्राधिकार के आधार पर इसे आदेशानुसार छोटा शिमला थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है। अब इस मामले में बीएनएस की धारा 103, 238, 3(5) के तहत दर्ज है।

मामले के अनुसार केयर एंड कंसर्न रिहेब सेंटर से संदीप कुमार को गंभीर हालत में आईजीएमसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संदीप की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे, जिससे साफ था कि उसकी पिटाई की गई है। उसकी शिकायत और संदेह के आधार पर प्रारंभिक एफआईआर थाना सदर में बीएनएस की धारा 105 और 3(5) के तहत दर्ज की गई थी।

पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट हुआ कि संदीप की मौत मारपीट के कारण हुई। जांच में सामने आया कि रीहैब सेंटर के ऑपरेटर प्रत्युष और कर्मचारी कार्तिकेय, अरुण और हिमांशु ने प्लास्टिक पाइप से संदीप की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और मामले में हत्या से संबंधित बीएनएस की धारा 103 और 238 जोड़ी गईं। संदीप कुमार सेना से सेवानिवृत्त थे और नशा मुक्ति के लिए इस सेंटर में भर्ती थे। फिलहाल छोटा शिमला थाना के एसएचओ स्वयं इस मामले की आगे जांच कर रहे हैं।

इस मामले की जड़ें 12 नवम्बर की रात से जुड़ी हैं, जब पूर्व सैनिक संदीप कुमार नशे की हालत में घर लौटे थे। उनकी पत्नी ने बताया था कि वह घायल थे, नाक से खून बह रहा था और कपड़ों पर भी खून के निशान थे। रात भर उनकी हालत बिगड़ती देख उन्होंने नशा मुक्ति केंद्र के सदस्यों को बुलाया और सुबह करीब पांच बजे कर्मचारी उन्हें साथ ले गए। उसी दोपहर नशामुक्ति केंद्र से फोन आया कि संदीप की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में आईजीएमसी में भी उनकी मौत की पुष्टि हुई।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *