रोहतक के आवासीय क्षेत्र से बाहर होगा कैटल फीड प्लांट

सरकार आईएमटी में करेगी नए प्लांट की स्थापना
चंडीगढ़, 22 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा सरकार रोहतक के आवासीय क्षेत्र में चल रहे कैटल फीड प्लांट को शहर से बाहर करेगी। हरियाणा के सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा ने सोमवार को विधानसभा में विधायक भारत भूषण बतरा द्वारा उठाए गए सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। बत्तरा ने उत्तम विहार कालोनी में चल रहे कैटल फीड प्लांट से फैल रहे प्रदूषण, लोगों को हो रही समस्या का मुद्दा आज सदन में उठाया। विधायक ने इसे बंद करने को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा।
सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा ने सदन में स्वीकार किया कि यह वास्तव में लोगों की बड़ी समस्या है। हैफेड द्वारा संचालित यह प्लांट 1976 में शुरू हुआ था। अब इस प्लांट के आसपास घनी आबादी हो गई है। प्लांट के कारण पैदा हो रहे घुन से लोग परेशान हैं। शर्मा ने बताया कि इस प्लांट को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नया प्लांट आईएमटी रोहतक में स्थापित किया जाएगा। इस प्रक्रिया में करीब दो साल का समय लगेगा। विधायक बत्तरा ने कहा कि नया प्लांट चालू होने से पहले मौजूदा प्लांट को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए। विधायक की इस मांग को खारिज करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश में हैफेड के दो प्लांट चल रहे हैं। इसकी मांग को देखते हुए तत्काल बंद नहीं किया जाएगा, अथवा नए प्लांट की स्थापना के बाद मौजूदा प्लांट को शिफ्ट कर दिया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा



