Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
DELHI

अटलजी के अन्त्योदय के संकल्प को पूरा कर रही केंद्र और दिल्ली सरकार : रविंद्र इंद्राज

बवाना विधानसभा में आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन संबोधित करते मंत्री रविंद्र इंद्राज

नई दिल्ली, 29 दिसंबर (Udaipur Kiran) । अटल जी के अन्त्योदय संकल्प को केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार पूरा कर रही हैं। अन्त्योदय से ही विकसित भारत-विकसित दिल्ली का लक्ष्य पूरा होगा, यह बात दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री एवं उत्तर पश्चिमी दिल्ली के प्रभारी रविंद्र इंद्राज सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के योगदान को नमन करते हुए कही।

बवाना विधानसभा में आज अटल स्मृति सम्मेलन एवं बादली विधानसभा क्षेत्र में अटल सुशासन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस मौके पर समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि पूरा देश भारत के विकास पुरुष अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्म शताब्दी वर्ष मना रहा है। अटलजी के नेतृत्व में भारत को 21वीं सदी के लिए तैयार करने वाली कई ऐतिहासिक पहलें हुईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की शुरुआत हुई, जो विश्व की सबसे बड़ी सड़क परियोजनाओं में से एक है। पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से भारत अग्रणी सामरिक शक्ति बना। टेलीकॉम क्रांति और इंटरनेट के माध्यम से डिजिटल भारत की नींव रखी गई। शिक्षा को मौलिक अधिकार का दर्जा मिला। अटलजी ने “जय जवान-जय किसान-जय विज्ञान” का नारा दिया।

समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि अटलजी ने संसद में राजनीतिक शुचिता और मर्यादित संवाद की परंपरा को नई ऊंचाइयां दीं। अटल बिहारी वाजपेयी जी विरोध की राजनीति के बजाय सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते थे। उन्होंने कठिन समय में तत्कालीन प्रधानमंत्री को विपक्ष के सहयोग का आश्वासन दिया—जो आज की राजनीति में दुर्लभ है।

रविंद्र इंद्राज ने कहा कि अटलजी के अन्त्योदय के संकल्पों को मोदी सरकार पूरा कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सड़क निर्माण की रफ्तार ऐतिहासिक रूप से बढ़ी है। भारत माला परियोजना आज दुनिया की सबसे बड़ी हाईवे परियोजनाओं में से एक है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत अब तक लगभग 10.35 करोड़ परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन मिला है एवं स्वच्छ भारत मिशन से ग्रामीण घरों में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है। जनधन खाते, मुद्रा योजना, सौभाग्य योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी कई योजनाओं से देश विकसित भारत की दिशा में बढ़ रहा है।

समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि पिछले दस महीनों में दिल्ली सरकार अन्त्योदय की दिशा में दिव्यांगों एवं बुजुर्गों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। उच्च देखभाल की आवश्यकता वाले दिव्यांगजनों के लिए 6,000 रूपये प्रतिमाह सहायता योजना शुरू की गई है, जिससे जरूरतमंदों को सम्मानजनक जीवन मिल सके। पश्चिम विहार में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सावित्री बाई फुले ओल्ड एज होम शुरू हुआ। तिमारपुर में दृष्टिबाधित छात्राओं के लिए अटल दृष्टि होम शुरू हुआ। नरेला में अटल आशा होम में बौद्धिक रूप से दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *