Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

चम्पावत बनेगा ‘फ्रूट हब’, किसानों को मिलेगा आधुनिक कृषि तकनीक का लाभ

मुख्यमंत्री पुष्करसिंह धामी

चंपावत, 5 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कृषक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद चम्पावत में औद्यानिक क्षेत्र के सशक्तीकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।औद्यानिक विकास योजना को 98.18 लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के प्रथम चरण के रूप में 58.908 लाख की धनराशि जारी हो चुकी है।

इस योजना के तहत जिले में आधुनिक फल उद्यानों के सघनीकरण, उच्च गुणवत्ता वाली नर्सरी विकास, उन्नत किस्मों के पौध-रोपण, माइक्रो सिंचाई तकनीकों के विस्तार, जल संरक्षण आधारित उद्यानिकी मॉडल, किसानों के प्रशिक्षण एवं कौशल उन्नयन जैसे कार्य किए जाएंगे। साथ ही औद्यानिक अवसंरचना को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

योजना के लागू होने से जिले में फल उत्पादन की गुणवत्ता एवं मात्रा में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है, जिससे किसानों की आय में स्थायी और सतत वृद्धि होगी। आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने से युवाओं एवं महिला समूहों को कृषि-आधारित उद्यमिता के नए अवसर प्राप्त होंगे।

इसके साथ ही यह परियोजना चम्पावत को क्षेत्रीय स्तर पर फ्रूट हब के रूप में उभरने का मार्ग प्रशस्त करेगी। स्थानीय नर्सरियों के विकास से गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री की उपलब्धता सरल होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नए रोजगार अवसर सृजित होंगे। माइक्रो सिंचाई तकनीक से पानी की बचत, सिंचाई लागत में कमी तथा उत्पादन क्षमता में वृद्धि संभव होगी।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि योजना के तहत होने वाले सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएँ, ताकि अधिक से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यह पहल चम्पावत की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान करेगी और जिले को आत्मनिर्भरता की ओर तेज़ी से अग्रसर करेगी।

(Udaipur Kiran) / राजीव मुरारी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *