
छतरपुर, 02 दिसम्बर (Udaipur Kiran) . Madhya Pradesh के छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम पूंछी में मंगलवार सुबह घर के बाहर बने पानी के गड्ढे में डूबने से दो साल के बच्चे की मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पूंछी निवासी वीरेंद्र साहू का दो वर्षीय पुत्र शिवांश मंगलवार सुबह वह अपने घर के बाहर खेल रहा था. उसकी मां घर में खाना बना रही थीं और पिता मूंगफली खरीदने गांव से बाहर गए हुए थे. कुछ देर बाद बच्चे के लापता होने की जानकारी मिली. परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की. तलाशी के दौरान शिवांश घर के सामने पड़ोसी के एक गड्ढे में पानी में तैरता हुआ मिला. उसे तुरंत एक निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया. वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर राजकुमार अवस्थी ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने जिला अस्पातल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
(Udaipur Kiran) तोमर
