Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
TECHNOLOGY

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया नारायण विहार सहित 3 नए पुलिस थानों का शुभारम्भ

जयपुर, 29 सितंबर (Udaipur Kiran News)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य में कानून का राज स्थापित करना और अपराधियों पर कड़ा प्रहार करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और सुरक्षित वातावरण में ही विकास संभव है। राज्य सरकार ने पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं, जिससे आमजन को भयमुक्त वातावरण मिल सके।

CM Bhajanlal Sharma

मुख्यमंत्री शर्मा सोमवार को नारायण विहार, पत्रकार कॉलोनी और खोरा बीसल में नवगठित तीन पुलिस थानों के शुभारम्भ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह केवल भवनों का उद्घाटन नहीं है, बल्कि सुरक्षित प्रदेश बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और पेपर लीक मामलों की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सका है।

पुलिस तंत्र को सशक्त बनाने के लिए बड़े कदम

मुख्यमंत्री ने बताया कि अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य में 2 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय, 2 पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय, 22 नए पुलिस थाने, 8 पुलिस चौकियों का थाने में क्रमोन्नयन और 35 नई चौकियों की स्वीकृति दी गई है।
इसके साथ ही जयपुर मुख्यालय में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के लिए एक नया थाना और 9 नई चौकियां स्थापित की गई हैं।

महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

श्री शर्मा ने कहा कि राज्य में 65 एंटी रोमियो स्क्वॉड गठित किए गए हैं जो स्कूल, कॉलेज, बाजार, मॉल और बस स्टैंड पर सक्रिय हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 500 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट बनाई गई हैं।
तीन नई महिला बटालियनों — पद्मिनी, काली बाई और अमृता देवी का गठन किया गया है, जिनमें 2,216 पद स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा, महिला हेल्पलाइन 1090 और राजकॉप ऐप के जरिए शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।

तकनीकी आधुनिकीकरण और संसाधनों में सुधार

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब सभी थानों में अपराधियों का रिकॉर्ड कंप्यूटरीकृत कर दिया गया है। गिरफ्तार और गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी राजस्थान पुलिस पोर्टल पर उपलब्ध है।
पुलिस के रेस्पॉन्स टाइम को बेहतर करने के लिए 25 इंटरसेप्टर वाहन, 750 मोटरसाइकिलें और 500 मोबाइल यूनिट वाहन प्रदान किए गए हैं।
एफएसएल प्रयोगशालाओं को सशक्त बनाया गया है और 123 नए पद सृजित किए गए हैं।
साथ ही, गृह रक्षा स्वयंसेवकों के मानदेय में लगातार दो वर्षों में 10-10% की वृद्धि की गई है।

अपराधों में आई उल्लेखनीय गिरावट

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 से 2025 के बीच अपराधों में 19.45%, वर्ष 2024 से 2025 में 13.90% की कमी आई है।
अनुसूचित जाति अत्याचार मामलों में 17.80%, अनुसूचित जनजाति अत्याचार में 18.77%, और महिला अत्याचार मामलों में 9.24% की गिरावट दर्ज की गई है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने फीता काटकर नारायण विहार थाना का शुभारम्भ किया और पत्रकार कॉलोनी व खोरा बीसल थानों का वर्चुअल उद्घाटन किया। उन्होंने सुरक्षा सखियों से भी संवाद किया।

इस अवसर पर स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री झाबर सिंह खर्रा, पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखियां और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *