Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 23 दिसंबर से होगी शुरू

मंत्री रेखा आर्या पत्रकारों से बातचीत करती।

-न्याय पंचायत, विधानसभा क्षेत्र, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तरीय, चार चरणों में स्पर्धा

-कुल 26 खेल स्पर्धाएं, मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी विजेता को मिलेंगे 5 लाख रुपये

देहरादून, 18 दिसंबर (Udaipur Kiran) । खेल महाकुंभ का नाम इस साल से नए प्रारूप में होगा और इसका नाम मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 होगा। यह प्रतियोगिता न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तरीय चार चरणों में 23 दिसंबर से शुरू होगी।

उक्त जानकारी राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय में पत्रकार वार्ता के दौरान दी। खेल मंत्री आर्या ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 26 खेल स्पर्धाएं आयोजित होंगी जिनमें इस बार परंपरागत खेलों को भी जगह दी गई है। चैंपियनशिप का समापन 28 जनवरी को होगा और इस दिन विजेता को मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के साथ पांच लाख रुपये की राशि भी दी जाएगी। चैंपियन का निर्णय उनके द्वारा जीते गए मेडल के आधार पर प्रदान किए गए अंकों के योग से किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सांसद ट्रॉफी जीतने वाली टीम को दो लाख और विधानसभा ट्रॉफी जीतने वाली टीम को एक लाख की नगद इनाम धनराशि दी जाएगी।

खेल मंत्री ने बताया कि नेशनल रिकॉर्ड तोड़ने पर खिलाड़ी को एक लाख की अतिरिक्त इनाम राशि दी जाएगी। चैंपियनशिप के लिए पंजीकरण 14 अक्टूबर से शुरू कर दिए गए थे, अभी तक 1 लाख 10 हजार से ज्यादा खिलाड़ी अपना पंजीकरण करा चुके हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 22 दिसंबर तक खुले रहेंगे।

दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अलग प्रतियोगिता

उन्होंने बताया कि इसके साथ-साथ प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन और तैराकी की स्पर्धा अलग से आयोजित की जाएगी। इस श्रेणी के लिए भी रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए गए हैं।

बिना जूते, ट्रैकसूट ना हो कोई खिलाड़ी

खेल मंत्री ने सचिवालय स्थित एनआईसी कार्यालय में सभी जनपद के जिलाधिकारी के साथ इस आयोजन को लेकर एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। उन्होंने सभी जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि ट्रायल और खेलों में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ी के पास जूते और ट्रैकसूट हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने साथ ही सर्दी से खिलाड़ियों का बचाव करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने, हर खेल स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को तैनात करने, आवश्यकता पड़ने पर खिलाड़ियों को रात में ठहराने और भोजन आदि की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *