Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
DELHI

मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर नई दिल्ली मेट्रो संग्रहालय का किया उ‌द्घाटन

मुख्यमंत्री सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर नई दिल्ली मेट्रो संग्रहालय का उ‌द्घाटन समारोह को संबोधित करती मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 17 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर स्थापित अत्याधुनिक दिल्ली मेट्रो संग्रहालय का औपचारिक उ‌द्घाटन किया।

इस अवसर पर दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, मुख्य सचिव राजीव वर्मा, दिल्ली सरकार; डॉ. विकास कुमार, प्रबंध निदेशक, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह संग्रहालय 19 दिसंबर 2025 (शुक्रवार) से आम जनता के लिए खोला जाएगा।

संग्रहालय का समय प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह संग्रहालय मंगलवार से रविवार तक खुला रहेगा, जबकि सोमवार एवं सार्वजनिक अवकाशों के अवसर पर बंद रहेगा। अधिकाधिक आगंतुकों को प्रोत्साहित करने के उ‌द्देश्य से ₹10 प्रति व्यक्ति का नाममात्र प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है।

लगभग 12,000 वर्ग फुट क्षेत्रफल में विस्तृत इस संग्रहालय को प्रथम चरण में विश्व के प्रतिष्ठित मेट्रो संग्रहालयों के अनुरूप विकसित किया गया है, जिसमें उन्नत प्रदर्शन प्रणालियों एवं सहभागितापूर्ण (इंटरएक्टिव) अनुभव उपलब्ध कराए गए हैं। दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की ब्लू लाइन पर स्थित सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर होने के कारण यह संग्रहालय आगंतुकों के लिए सुगम रूप से सुलभ है। भारत मंडपम तथा सुप्रीम कोर्ट जैसे प्रमुख स्थलों के समीप स्थित होने से यह सड़क मार्ग से भी आसानी से पहुंचा जा सकता है।

संग्रहालय में मेट्रो ट्रेन संचालन का वास्तविक अनुभव प्रदान करने वाले सिमुलेटर, टनल बोरिंग मशीन एवं लॉन्चिंग गर्डर के कार्यशील मॉडल, तथा आगंतुकों के गेम खेलने एवं मेट्रो निर्माण प्रक्रिया को समझाने हेतु इंटरएक्टिव डिजिटल डिस्प्ले उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, क्विज़ शो स्क्रीन, सेल्फी प्वाइंट एवं स्मृति चिह्न (सुवेनियर) की दुकानें संग्रहालय के सहभागितापूर्ण वातावरण को और सुदृढ़ बनाते हैं, जबकि स्थायी मॉडल एवं प्रदर्शनियां मेट्रो प्रणाली के विभिन्न तकनीकी एवं प्रचालन पहलुओं को प्रदर्शित करती हैं।

संग्रहालय में मेट्रोमैन डॉ. ई. श्रीधरन पर आधारित एक समर्पित पैनल, एक मॉक मेट्रो सुरंग तथा ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया है। दिल्ली के प्रमुख स्थलों को दर्शाने वाले डायोरामा, गणमान्य व्यक्तियों के दौरों पर आधारित फोटो गैलरी तथा मेट्रो के इतिहास की प्रमुख उपलब्धियों से संबंधित पैनल, दिल्ली मेट्रो के विकास क्रम का समग्र चित्र प्रस्तुत करते हैं। कुल मिलाकर, संग्रहालय में 50 से अधिक पैनल, प्रदर्शनी, कियोस्क एवं मॉडल स्थापित किए गए हैं। भविष्य में द्वितीय चरण (फेज-11) के अंतर्गत अतिरिक्त प्रदर्शनियों एवं नवाचारों को सम्मिलित किया जाएगा।

दिल्ली मेट्रो संग्रहालय की अवधारणा का प्रारंभ वर्ष 2008 में हुआ था, जब भारत की सबसे उन्नत शहरी परिवहन प्रणाली की विकास यात्रा को संरक्षित एवं प्रदर्शित करने का विचार परिकल्पित किया गया। इसी क्रम में 31 दिसंबर 2008 को देश का प्रथम मेट्रो रेल संग्रहालय पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर उ‌द्घाटित किया गया, जो उस समय संपूर्ण दक्षिण एशियाई क्षेत्र में अपनी प्रकार का एकमात्र संग्रहालय था। राजधानी के नागरिकों को नववर्ष के उपहार स्वरूप समर्पित यह संग्रहालय शीघ्र ही यात्रियों एवं आगंतुकों के मध्य लोकप्रिय हो गया।

पटेल चौक स्थित मेट्रो संग्रहालय में प्रतिवर्ष देश-विदेश के विद्यालयों एवं महावि‌द्यालयों से लगभग 5,000 विदयार्थी भ्रमण हेतु आते थे। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर नए दिल्ली मेट्रो संग्रहालय के उ‌द्घाटन के साथ ही शौक स्थित मेट्रो संग्रहालय को अब बंद कर दिया गया है।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *