मुख्यमंत्री सरमा ने कवयित्री नलिनीबाला देवी को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

गुवाहाटी, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) । असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को प्रख्यात असमिया कवयित्री नलिनीबाला देवी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि विषाद, रहस्य और जीवन की गहन खोज नलिनीबाला देवी की कविताओं का वास्तविक स्वरूप था। उनकी लेखनी से असमिया साहित्य को अनेक युगांतकारी और कालजयी कविताएं प्राप्त हुईं, जो आज भी पाठकों को गहराई से प्रभावित करती हैं।
डॉ. सरमा ने कहा कि नलिनीबाला देवी का जीवन कष्टों से भरा रहा, लेकिन उन्होंने उन पीड़ाओं को अपनी कविता के माध्यम से साहित्य में ढाल दिया। अपनी अतिंद्रिय और संवेदनशील काव्य-धारा के जरिए उन्होंने असमिया साहित्य को नई ऊर्जा और समृद्धि प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर महान कवयित्री को नमन् करते हुए कहा कि नलिनीबाला देवी का साहित्यिक योगदान असम की सांस्कृतिक विरासत में सदैव अमर रहेगा।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश



