Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
MAHARASHTRA

मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प अपने कर्मों से करें : मुख्यमंत्री

फाईल फोटो: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

मुंबई, 26 दिसंबर (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मुंबई में कहा कि गुरुओं के दिखाए गए मानवता के मार्ग पर चलने और उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए हमें अपने कर्मों से संकल्प लेना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि साहिबजादों के साहस और बलिदान ने भारतीय इतिहास को नई दिशा दी है और उनका शौर्य पीढ़ी-दर-पीढ़ी सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

मुख्यमंत्री फडणवीस शुक्रवार को वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में सायन स्थित गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर दरबार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के लिए अपना शीश समर्पित करने वाले गुरु तेग बहादुर साहिब जी के उस महान बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा। श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के संपूर्ण परिवार द्वारा देश, संस्कृति और संस्कारों की रक्षा के लिए दिया गया बलिदान इतिहास में अमर है। 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने का निर्णय अत्यंत महत्वपूर्ण है। गुरु तेग बहादुर ने अंतिम समय तक धर्म और मानवता की रक्षा की, इसलिए उनका इतिहास सदैव स्मरण में रखा जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के सुपुत्र साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह 9 और साहिबजादे बाबा फतेह सिंह 7 के अद्वितीय शौर्य एवं बलिदान के स्मरण का दिन है। वीर बाल दिवस के अवसर पर इन वीर शहीद साहिबजादों को नमन करते हुए गुरुओं से यह प्रार्थना करें कि उनके जीवन की दृढ़ता, साहस और निष्ठा हम सभी में भी आए। उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी के संपूर्ण परिवार द्वारा दी गई शहादत देश के लिए सदैव प्रेरणादायी रही है। इतने महान बलिदानों के बावजूद गुरु गोबिंद सिंह जी कभी भी अपने उद्देश्य से विचलित नहीं हुए। सभी सिख गुरुओं ने मानवता, धर्म की स्वतंत्रता और मूल्यों की रक्षा के लिए बलिदान का सर्वोत्तम उदाहरण पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर विधायक प्रसाद लाड, विधायक तमिल सेल्वन, श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम समिति के राज्यस्तरीय समन्वयक रामेश्वर नाईक, पंजाबी साहित्य अकादमी के कार्याध्यक्ष बल मलकित सिंह, गुरुद्वारा समिति के सदस्य दलजीत सिंह, गुरुदेव सिंह, जसपाल सिंह सिद्धू, हैप्पी सिंह, डॉ. अजय सिंह राठोड सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) यादव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *