Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
UTTRAKHAND

मुख्य सचिव ने गोल्ज्यू कॉरिडोर एवं बालेश्वर मंदिर विकास कार्यों की समीक्षा की

बालेश्वर मंदिर का अवलोकन करते मुख्य सचिव

चंपावत, 2 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने चम्पावत का दौरा किया। उन्होंने ऐतिहासिक गोल्ज्यू मंदिर और प्राचीन बालेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने गोल्ज्यू मंदिर परिसर में प्रस्तावित गोल्ज्यू कॉरिडोर परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग (लोनिवो) के अधिशासी अभियंता मोहन पलड़िया ने परियोजना के संरचनात्मक स्वरूप, विकास घटकों और कार्ययोजना पर विस्तृत प्रस्तुति दी।

मुख्य सचिव ने कॉरिडोर परिसर में प्रस्तावित निर्माण, सौंदर्यीकरण और सुगमता बढ़ाने वाले कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धार्मिक पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण इस परियोजना को निर्धारित समयसीमा में उच्चतम गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

इसके बाद, मुख्य सचिव बर्द्धन ने बालेश्वर मंदिर और नौले क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां आवश्यक सौंदर्यीकरण कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने पुरातत्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर मंदिर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने बताया कि गोल्ज्यू मंदिर और बालेश्वर मंदिर सांस्कृतिक आस्था, इतिहास और लोक परंपराओं के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि इन धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से चम्पावत में धार्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। इससे स्थानीय रोजगार, कारोबार और आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी।

निरीक्षण के दौरान कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी और जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / राजीव मुरारी

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *