
शिमला, 09 दिसंबर (Udaipur Kiran) . जिला शिमला के उपमंडल सुन्नी में चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत मंगलवार को उपमंडल स्तरीय जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया. इस रैली में क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों, सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया. सभी ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया.
रैली का शुभारंभ उपमंडल अधिकारी (नागरिक) सुन्नी राजेश वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया. कार्यक्रम की शुरुआत में बच्चों और अन्य प्रतिभागियों को नशा विरोधी शपथ भी दिलाई गई. उपमंडल अधिकारी ने कहा कि Himachal Pradesh सरकार द्वारा नशे के विरुद्ध शुरू की गई मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह रैली आयोजित की गई है. उन्होंने बताया कि इससे पहले “हमारा सुन्नी रहे चिट्टा मुक्त” थीम के तहत सुन्नी में मिनी मैराथन का सफल आयोजन भी किया जा चुका है.
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं और आम जनता को नशा विरोधी प्रयासों से जोड़कर समाज को पूरी तरह नशामुक्त बनाना है. रैली पीएम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुन्नी से शुरू होकर मुख्य बाजार, नया बस स्टैंड होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में पहुंची, जहां इसका समापन किया गया. समापन स्थल पर भी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई.
रैली में शामिल बच्चों ने “चिट्टा नहीं, यह चिता है,दूर इसे भगाना है” जैसे प्रभावशाली नारे लगाए, जिनके माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया.
इस अवसर पर तहसीलदार सुन्नी सुनील चौहान, नायब तहसीलदार, तहसील कल्याण अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी, पीएम स्कूल सुन्नी के प्रधानाचार्य, अन्य विभागों के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
