Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

स्कूली कराटे चैंपियनशिप में चित्तौड़ ने जीते आठ पदक, सबसे कम उम्र के एकांश को स्वर्ण

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चित्तौड़गढ़ के खिलाड़ियों ने जीते पदक।

चित्तौड़गढ़, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । 23वीं ऑल इंडिया इंटर स्कूल एवं सीनियर कराटे चैंपियनशिप फेडरेशन कप का आयोजन 27 व 28 दिसंबर को झारखंड की राजधानी रांची में किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश भर से लगभग 800 खिलाड़ियों ने भाग लिया। राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए चित्तौड़गढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान दो स्वर्ण, दो रजत तथा चार कांस्य पदक जीत कर जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया।

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी चित्तौड़गढ़ निवासी एकांश (11) पुत्र मुकेश अगनानी ने कुमिते स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। एकांश के कोच मोहित वैष्णव ने बताया कि एकांश इससे पहले भी कई बार नेशनल गेम्स में भाग लेकर विजेता रह चुका है। कम उम्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन करना उसकी मेहनत और अनुशासन को दर्शाता है। इसके अलावा 13 वर्षीय देवांश अमरवाल ने भी स्वर्ण पदक जीत कर चित्तौड़गढ़ का मान बढ़ाया। केडेट वर्ग में विनीत और फैजान ने रजत पदक हासिल किए। जूनियर वर्ग में किरण, फरिहा, दीपक और पीयूष ने कांस्य पदक जीत कर प्रदेश को गौरवान्वित किया। सभी खिलाड़ियों ने कठिन मुकाबलों में साहस और आत्मविश्वास का परिचय दिया। रांची में हुए इस शानदार प्रदर्शन के बाद एकांश अगनानी और देवांश अमरवाल का चयन आगामी जुलाई माह में कोलकाता में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए हुआ है। एकांश अगनानी मात्र पांच वर्ष की उम्र से कराटे का प्रशिक्षण ले रहे हैं और अब तक चार नेशनल चैंपियनशिप खेल चुके हैं। पहले भी उनका चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था। लेकिन ईरान में आयोजन होने के कारण भारतीय टीम भाग नहीं ले सकी थी। अब एक बार फिर इंटरनेशनल कराटे लीग के लिए चयन होने से खिलाड़ियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।

—————

(Udaipur Kiran) / अखिल

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *