पश्चिम विक्षोभ के असर से छाए बादल, सर्दी से राहत

जयपुर, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । कमजोर पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव के चलते प्रदेश के अधिकांश शहरों में हल्के बादल नजर आए। इसके चलते कई शहरों के रात के पारे में उछाल दर्ज किया गया। इससे आमजन को तेज सर्दी से राहत मिली है। प्रदेश के 17 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। 6.9 डिग्री के साथ लूणकरणसर की रात सबसे सर्द रहीं। 20 दिसम्बर तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। जयपुर में दिनभर हल्के बादल छाए रहे। इसके चलते दिन के पारे में मामूली गिरावट तो वहीं रात के पारे में हल्की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 26.8 और न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार लूणकरणसर के अलावा नागौर का न्यूनतम तापमान 7, माउंट आबू का 7.1, करौली का 7.2, फतेहपुर और अलवर का 7.5, दौसा का 7.8, बारा का 8.6, जालौर का 8.7, भीलवाड़ा, वनस्थली और सीकर का 9, चित्तौडग़ढ़ का 9.3, पिलानी और डबोक का 9.6, चूरू का 9.8 और पाली का 9.9 डिग्री दर्ज किया गया। 30.5 डिग्री के साथ जोधपुर का दिन और 13.5 डिग्री के साथ बाड़मेर की रात सबसे गर्म रही। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से आगामी 2-3 दिन आंशिक बादलों की आवाजाही होने से न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। उत्तर पश्चिमी भारत की कुछ भागों में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 18 से 20 दिसंबर के आसपास सक्रिय होने की संभावना है।
—————
(Udaipur Kiran) / राजेश



