Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
INDIA

हिमाचल विधानसभा में नौकरियों को लेकर हंगामा, CM सुक्खू ने पेश किए आंकड़े, विपक्ष ने किया वॉकआउट

शिमला, 20 अगस्त (Kiran News)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में बुधवार को सरकारी और निजी क्षेत्र की नौकरियों को लेकर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर, विपिन परमार, सतपाल सिंह सत्ती और बिक्रम सिंह ने सरकार पर युवाओं से किए गए रोजगार वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सदन में अब तक दी गई नौकरियों और आगे की भर्तियों की पूरी जानकारी साझा की।

हिमाचल विधानसभा

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार रोजगार के मामले में गंभीर है और अब तक 23,191 युवाओं को सरकारी क्षेत्र में नौकरी दी जा चुकी है। बीते दो वर्षों में 5,960 नए सरकारी पद सृजित किए गए, जबकि 1,783 गैरजरूरी पद खत्म कर दिए गए हैं। शिक्षा विभाग में 7000, पंप ऑपरेटर के 5000, नर्सिंग में 1100 स्टाफ और वन विभाग में 2061 वन मित्रों को नौकरी मिली है। पुलिस विभाग में 1300 भर्तियों के परिणाम आ चुके हैं, जबकि 6200 आयों और 6000 एनटीटी की नियुक्ति अगले दो माह में की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हिमाचल प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम को विदेशों में रोजगार के लिए केंद्र सरकार से लाइसेंस मिला है। इसके तहत युवाओं को सऊदी अरब समेत अन्य देशों में रोजगार के लिए भेजा जा रहा है। अनुबंध भर्ती योजना को जॉब ट्रेनी में बदलने पर CM ने स्पष्ट किया कि सिर्फ नाम बदला गया है, बाकि सब कोर्ट के आदेश पर किया गया है।

विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले हर साल एक लाख नौकरी देने का वादा किया गया था, जो पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा है और CM के दावे झूठे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 5 साल में 5 लाख नौकरियों का वादा किया था, जबकि ये नौकरियां भाजपा सरकार के समय हुए विज्ञापनों से ही दी गई हैं।

अनुबंध नौकरी को लेकर भी विपक्ष ने सवाल उठाए और सरकार से स्थायी भर्तियों की मांग की। जवाब में CM सुक्खू ने कहा कि नाम बदलने के अलावा कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया और विपक्ष को भ्रम फैलाने वाला व सियासी ड्रामा करने वाला बताया।

हंगामे के बीच विपक्ष के सदस्य सदन से वॉकआउट कर गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में 700 होमगार्ड, 100 जेई, 800 पटवारी समेत कई विभागों में नई भर्तियां होंगी। कुल मिलाकर अब तक 23 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *