कोलकाता में न्यूनतम तापमान मैं बढ़ोतरी के बावजूद ठंड बरकरार

Kolkata weather

कोलकाता, 11 दिसंबर (Udaipur Kiran) .

कोलकाता में ठंड बढ़ गई है. मौसम विभाग ने बताया है कि बुधवार की सुबह न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई. मंगलवार को जहां न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस था, वहीं बुधवार को यह बढ़कर 15.8 डिग्री सेल्सियस हो गया. यह सामान्य से 0.8 डिग्री कम है. दिसंबर की शुरुआत के साथ ही राज्य में पिकनिक सीजन भी शुरू हो गया है. सुबह की हल्की धूप और शाम की ठंडक के बीच लोग सर्दियों का आनंद उठा रहे हैं.

हालांकि मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल सर्दी कम होने की कोई आशंका नहीं है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 18 दिसंबर तक ठंड का असर कायम रहेगा और उत्तरी हवाओं के प्रवेश में कोई बाधा नहीं है. यानी सर्दी की राह में कोई ‘स्पीड ब्रेकर’ नहीं दिख रहा. पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है.

दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन चढ़ने के साथ दृश्यता में सुधार होगा. तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और शीतलता का असर बरकरार रहेगा.

मंगलवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम था. हवा में आर्द्रता का स्तर अधिकतम 91 प्रतिशत और न्यूनतम 51 प्रतिशत रहा.

उत्तर बंगाल के जिलों में भी सर्दी का असर स्पष्ट रूप से महसूस किया जा रहा है. मंगलवार को दार्जिलिंग में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस समय बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों की ठंडक और कंचनजंघा की अद्भुत सुंदरता का आनंद ले रहे हैं. फिलहाल वहां का मौसम साफ रहने का अनुमान है. हालांकि सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ दृश्यता में सुधार होता जाएगा.

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Leave a Comment