Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

बीकानेर में 26 से 28 दिसंबर तक ‘बीकाणा मुद्रा महोत्सव’, देश-विदेश के संग्रहकर्ता होंगे शामिल

बीकानेर बनेगा इतिहास का आईना, बीकाणा मुद्रा महोत्सव 26 से

बीकानेर, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । बीकाणा न्यूमिसमेटिक सोसायटी की ओर से आगामी 26, 27 और 28 दिसंबर को तीन दिवसीय ‘बीकाणा मुद्रा महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन गंगाशहर रोड स्थित जैन स्कूल के सामने अग्रवाल भवन में होगा, जहां देश और विदेश के सिक्के, करेंसी नोट और डाक टिकट संग्रहकर्ता अपने दुर्लभ संग्रह के साथ भाग लेंगे।

सोसायटी के अध्यक्ष किशन लाल सोनी ने बताया कि महोत्सव में देश के विभिन्न शहरों से लगभग 50 स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर प्राचीन और ऐतिहासिक सिक्के, करेंसी नोट, टोकन, मेडल, डाक टिकट, पुराने समाचार पत्र और अन्य संग्रहणीय वस्तुओं का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान बीकानेर के स्थानीय नागरिक अपने पुराने और नए सिक्कों व नोटों का विशेषज्ञों से मूल्यांकन भी करवा सकेंगे।

किशन लाल सोनी ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से सिक्कों और नोटों की कीमतों को लेकर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है, जिससे कई लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में आमजन को सही जानकारी देने के उद्देश्य से यह आयोजन महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि बीकाणा न्यूमिसमेटिक सोसायटी द्वारा बीकानेर में यह तीसरी ऐसी प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। पूर्व में आयोजित दो प्रदर्शनियों में बड़ी संख्या में लोगों ने अपने संग्रह की वास्तविक कीमत जानी और इस विषय में ज्ञान अर्जित किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्थान प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान के वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी डॉ. नितिन गोयल करेंगे। सोसायटी के उपाध्यक्ष जसवंत सिंह पारख ने बताया कि महोत्सव के दौरान बीकानेर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि बच्चों में विरासत और धरोहर को सहेजने की भावना विकसित हो सके।

आयोजकों के अनुसार तीनों दिन हजारों दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। इस आयोजन में बेंगलुरु, महाराष्ट्र, कोलकाता, मुंबई, पुणे, चेन्नई, इंदौर, भोपाल, अहमदाबाद, सूरत सहित राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, जैसलमेर और अन्य शहरों से संग्रहकर्ता भाग लेंगे। मुद्रा महोत्सव में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / राजीव

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *