Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
WEST BENGAL

मालदा में तृणमूल नेता पर सरकारी जमीन कब्जाने का आरोप, मंत्री के पास पहुंची शिकायत

रतुआ मालदह अब्दुर रहीम बख्शी

मालदा, 17 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मालदा जिले के रतुआ इलाके में सिंचाई विभाग की कई बीघा जमीन पर कब्जा कर निजी स्कूल चलाने का आरोप तृणमूल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष और मालतीपुर के विधायक अब्दुर रहीम बक्सी के खिलाफ लगा है।

इस मामले में (आरएसपी) के जिला सचिव सर्वानंद पांडे ने राज्य की सिंचाई विभाग की राज्यमंत्री और मोथाबाड़ी की विधायक सबीना यासमीन के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सर्वानंद पांडे ने कथित स्कूल भवन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल भी की हैं।

सर्वानंद पांडे ने अपनी शिकायत में बताया कि 70 के दशक में राज्य के तत्कालीन सिंचाई मंत्री गनी खान चौधरी ने रतुआ-एक ब्लॉक कार्यालय के पास चार बीघा जमीन पर सिंचाई विभाग का एक दफ्तर बनवाया था। बाद में वाममोर्चा सरकार आने के दौरान मालतीपुर के विधायक रहे अब्दुर रहीम बक्सी ने उस जर्जर भवन को “सामाजिक कार्यों” के लिए लीज़ पर लिया था।

आरोप है कि सरकार बदलने के बाद वर्तमान जिला तृणमूल अध्यक्ष अब्दुर रहीम बक्सी ने चालाकी से उस सरकारी जमीन को अपने और अपनी पत्नी आयशा खातून के नाम पर भूमि विभाग में दर्ज करवा लिया।

सर्वानंद पांडे का कहना है, “यह चौंकाने वाली बात है कि सिंचाई विभाग की सरकारी जमीन किसी निजी व्यक्ति के नाम कैसे दर्ज हो गई। मैंने इस मामले की शिकायत राज्य की मंत्री से की है।”

दूसरी ओर, जिला तृणमूल अध्यक्ष अब्दुर रहीम बक्सी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जिस व्यक्ति ने यह शिकायत की है, वह मानसिक रूप से अस्थिर लगते हैं। यह आरोप पूरी तरह निराधार है। जिस जमीन की बात की जा रही है, उसके सभी वैध दस्तावेज़ मेरे पास हैं।

राज्यमंत्री सबीना यासमीन ने कहा कि शिकायत पत्र विभाग में प्राप्त हुआ है, लेकिन अभी तक उसे विस्तार से देखा नहीं गया है, इसलिए इस पर अभी कुछ कहना उचित नहीं होगा।

—————

(Udaipur Kiran) / अभिमन्यु गुप्ता

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *