अरावली को खनन माफियाओं के हवाले करने का आरोप, कांग्रेस का जनआंदोलन का ऐलान

जयपुर, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र व राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकारों पर अरावली पर्वतमाला को नष्ट करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में पेश रिपोर्ट के बाद अरावली का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा खनन माफियाओं के हवाले होने का खतरा पैदा हो गया है, जिससे पर्यावरण, जलवायु संतुलन और धार्मिक आस्था पर गंभीर असर पड़ेगा।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय जयपुर में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग कर अरावली को अवैध खनन कॉरिडोर में बदल दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में अरावली को सुरक्षित रखने का वादा किया गया था, लेकिन अब ग्रीन कॉरिडोर की जगह माफियाओं को संरक्षण दिया जा रहा है। अरावली क्षेत्र में स्थित धार्मिक स्थलों और वन क्षेत्रों को भी खतरा बताया गया।
प्रेसवार्ता में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मुख्यमंत्री से अरावली बचाने को लेकर स्पष्ट कार्ययोजना बताने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि सरकार इस मुद्दे पर क्या कदम उठाएगी।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि प्रदेश के 19 जिलों में अरावली को लेकर आक्रोश है। पार्टी ने जनजागरण अभियान, प्रदर्शन और व्यापक जनआंदोलन चलाने का ऐलान किया है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि प्रदेश के 19 जिलों में अरावली के मुद्दे पर भारी आक्रोश है और पार्टी इस साजिश को सफल नहीं होने देगी। कांग्रेस ने जनजागरण अभियान चलाने, प्रदर्शन करने और व्यापक जनआंदोलन की घोषणा की है। डोटासरा ने कहा कि जब तक केंद्र और राज्य सरकारें इस निर्णय को वापस नहीं लेतीं और संतोषजनक जवाब नहीं देतीं, तब तक कांग्रेस पार्टी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर अरावली बचाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।
—————
(Udaipur Kiran) / रोहित



