Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस ने गांधी प्रतिमा के सामने किया प्रदर्शन

मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस ने गांधी प्रतिमा के सामने किया प्रदर्शन

भाेपाल, 21 दिसंबर (Udaipur Kiran) । केन्द्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के नाम एवं स्वरूप में किए जा रहे बदलाव के खिलाफ आज रविवार काे जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त नेतृत्व में राजधानी भाेपाल स्थित मिंटाे हाॅल में गांधी की प्रतिमा के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना एवं जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल ग्रामीण अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार महात्मा गांधी के नाम, उनके आदर्शों और गरीब-मजदूरों के अधिकारों पर लगातार प्रहार कर रही है। मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना के नाम और स्वरूप से छेड़छाड़ कर सरकार गरीबों के रोजगार के अधिकार को कमजोर करना चाहती है, जिसे कांग्रेस पार्टी कभी स्वीकार नहीं करेगी।

विरोध प्रदर्शन में सेवा दल के प्रदेश मुख्य संघटक अवनीश भार्गव, प्रदेश सचिव योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान, प्रदेश सचिव राजकुमार सिंह, युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित समस्त ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षगण एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने और योजना के स्वरूप बदलने का फैसला वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन को और तेज करेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *