कानपुर : यूपी डायल 112 में तैनात आरक्षी ने लगाई फांसी

कानपुर, 02 दिसंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश में जनपद कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत यूपी डायल 112 में तैनात आरक्षी ने मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच में जुट गई।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि मूलरूप से मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र स्थित गांव मढैरा के रहने वाले मान महेंद्र (30) 2018 बैच के सिपाही थे। 13 जून को रावतपुर थाने से यूपी डायल 112 में भेजे गए थे। इसके बाद वह थाना किदवई नगर की पीआरबी 1246 में तैनात थे।
वर्तमान में आरक्षी मान महेंद्र कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बारा सिरोही बंबा रोड पर पूर्व ब्लाक प्रमुख अजय यादव के चार मंजिला मकान में पत्नी कविता और दो बेटों के साथ रहते थे। इसी मकान के दूसरे माले पर कल्याणपुर थाने के दारोगा इतेंद्र कुमार भी रहते थे।
दरोगा जितेंद्र कुमार अपना हेलमेट लेने के लिए आज महेंद्र के कमरे पर पहुंचे तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया। आवाज दी, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा तो महेंद्र का शव पंखे से लटक रहा था। उन्होंने घटना के संबंध में आला अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी मृतक सिपाही के परिजनों को देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ के दौरान यह भी मालूम पड़ा की 26 नवंबर को उनकी पत्नी अपने दोनों बच्चों के साथ मायके गई थी।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप



