Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
SPORTS

महिला हॉकी इंडिया लीग को लेकर रांची में जबरदस्त उत्साह, प्रैक्टिस सेशन देखने उमड़ी भीड़

हॉकी प्रैक्टिस मैच में खेलती रांची रॉयल्‍स टीम की खिलाडीगण

रांची, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड की राजधानी रांची में महिला हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 को लेकर खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। 28 दिसंबर से मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में शुरू होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को लेकर आयोजन से पहले ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई खिलाड़ी रांची पहुंच चुकी हैं।

हॉकी स्टेडियम में शुक्रवार को विभिन्न टीमों के प्रैक्टिस सेशन की शुरुआत हुई। इस दौरान घरेलू टीम रांची रॉयल्स के अभ्यास सत्र को देखने के लिए बड़ी संख्या में हॉकी प्रेमी स्टेडियम पहुंचे। मैदान में दर्शकों की खासी भीड़ देखने को मिली।

अभ्यास सत्र देखने पहुंचे खूंटी निवासी कामेश्वर, मोहन गोप, रमेश सहित अन्य खेल प्रेमियों ने बताया कि भारतीय महिला हॉकी टीम की चर्चित खिलाड़ी निक्की प्रधान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकीं ब्यूटी डुंगडुंग सहित कई नामचीन खिलाड़ी अभ्यास करती नजर आईं। इन खिलाड़ियों को मैदान पर देखकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

रांची निवासी अशोक कुमार, सुनीता टूटी और बासमती आइंद ने कहा कि झारखंड की कई उभरती महिला हॉकी खिलाड़ियों को इस लीग के माध्यम से उच्च स्तर पर अभ्यास और प्रदर्शन का अवसर मिल रहा है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं का मनोबल काफी बढ़ा है। खेल प्रेमी रांची रॉयल्स को एक मजबूत और संतुलित टीम के रूप में देख रहे हैं और टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।

28 दिसंबर को रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स के बीच होगा पहला मुकाबला

खेल विभाग एवं हॉकी प्रबंधन की ओर से महिला हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के मुकाबलों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके तहत 28 दिसंबर को रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स के बीच पहला मुकाबला शाम 7.30 बजे खेला जाएगा।

इसके बाद 29 दिसंबर को सूरमा हॉकी क्लब और राढ़ बंगाल टाइगर्स के बीच मुकाबला होगा, जबकि 30 दिसंबर को रांची रॉयल्स का सामना राढ़ बंगाल टाइगर्स से होगा। नए साल 2026 में एक जनवरी को एसजी पाइपर्स बनाम राढ़ बंगाल टाइगर्स और दो जनवरी को रांची रॉयल्स बनाम सूरमा हॉकी क्लब के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।

तीन से आठ जनवरी 2026 तक लीग चरण के अंतिम मैच आयोजित किए जाएंगे, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 10 जनवरी 2026 को रात 8.15 बजे खेला जाएगा।————–

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *