Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

दादा ही निकला अपने नाती का हत्यारा,100 रुपये के लिए घोंट दिया गला

जानकारी देते एसपी ग्रामीण
गिरफ्तार हत्यारोपी दादा

ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा

झांसी, 6 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित लहचूरा पुलिस ने एक हृदय विदारक ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मासूम के दादा ने ही अपने नाती का 100 रुपये के लिए गला घोंटकर हत्या की थी। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बच्चे की हत्या का रहस्य सुलझा दिया।

एसपी ग्रामीण डॉ.अरविन्द कुमार ने बताया कि ग्राम चकारा में 4 अक्टूबर 2025 को 8 वर्षीय बालक मुकेश पुत्र दिनेश अहिरवार अचानक लापता हो गया था। परिवारजन द्वारा जब उसकी काफी तलाश की गई और वह नहीं मिला तो शाम को यूपी-112 पर सूचना दी गई। सूचना पर थाना लहचूरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने जब घर की गहन तलाशी ली तो बालक का शव घर के अंदर भूसे वाले कमरे में छिपा हुआ मिला। शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तत्काल फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई। प्रारंभिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्चे की गला दबाने से हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने जब परिवारजनों से गहन पूछताछ की तो शक बच्चे के दादा सरमन पुत्र कल्लू (उम्र 50 वर्ष) पर गया। पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसका नाती उसके जेब से पैसा चुराकर मां को दे देता था। इसके चलते उसकी बहू से अक्सर झगड़े होते थे और इसीलिए वह चाहता था कि बहू घर छोड़कर चली जाए। घटना के दिन बच्चे ने 100 रुपये चोरी करने की बात कही तो उसे गुस्सा आ गया और उसने गला दबाकर अपने ही नाती की हत्या कर दी। इसके बाद शव को भूसे में छिपा दिया ताकि किसी को शक न हो और बकरियां चराने चला गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सरिता मिश्र ने पुलिस टीम के साथ तेजी से कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

—————

(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *