Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
MADHYA PRADESH

दतिया : मानवीय संवेदना की मिसाल बने टीआई मिश्रा, गाड़ी में बैठाकर ले गए अस्पताल

दतिया में मानवीय संवेदना की मिसाल बने टीआई मिश्रा, गाड़ी में बैठाकर ले गए अस्पताल

दतिया, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । कहते हैं कि समाज में बदलाव बड़े अभियानों से नहीं, बल्कि संवेदनशील सोच और समय पर की गई पहल से आता है। ऐसा ही उदाहरण मध्‍य प्रदेश के दतिया जिले के राजगढ़ चौराहा क्षेत्र में सामने आया, जहाँ विगत लगभग दो माह से पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश निवासी बलवंत सिंह यादव,असहाय दयनीय, बीमारी व वृद्ध अवस्था में भीषण सर्दी में खुले आसमान के नीचे जीवनयापन कर रहे थे। पारिवारिक सहारे के अभाव में जीवनयापन व पेट के भरण पोषण के लिए भिक्षा ही उनकी गुजर-बसर का सहारा था फिर उपचार की कोई व्यवस्था नहीं थी।

जब यह स्थिति दतिया थाना प्रभारी (टीआई) धीरेंद्र मिश्रा के संज्ञान में आई, तो मदद करने उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाया।

टीआई मिश्रा स्वयं मौके पर पहुँचे और बलवंत सिंह यादव को अपनी शासकीय गाड़ी में बैठाकर अस्पताल ले गए, जहाँ उनका समुचित चिकित्सकीय उपचार कराया गया।

उपचार के पश्चात उन्हें वृद्ध आश्रम भेजा गया, ताकि आगे उनका जीवन सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण में व्यतीत हो सके। इस पूरी प्रक्रिया में टीआई मिश्रा की संवेदनशीलता और तत्परता स्पष्ट रूप से देखने को मिली। टीआई धीरेंद्र मिश्रा से चर्चा के दौरान बताया कि असहाय और बीमार व्यक्ति को इस तरह खुले में छोड़ देना मानवता के विरुद्ध है। प्रशासन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है कि ऐसे लोगों को समय पर उपचार और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाए।

इसी भावना के तहत उपचार के पश्चात उन्हें वृद्ध आश्रम भेजा गया, ताकि आगे उनका जीवन सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण में व्यतीत हो सके।

स्थानीय लोगों के अनुसार, ऐसे कार्य उन्हीं लोगों के हिस्से आते हैं, जिनके संस्कार और पारिवारिक मूल्यों में सेवा, पुण्य और मानवता की भावना रची-बसी होती है। टीआई मिश्रा का यह कार्य न केवल एक असहाय व्यक्ति के लिए सहारा बना, बल्कि समाज के लिए भी एक सकारात्मक संदेश छोड़ गया।

—————

(Udaipur Kiran) / राजू विश्वकर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *