Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
HARYANA

कैथल: सूटकेस में मिली युवती की लाश, हत्या की आशंका

सिल्ला खेड़ा रोड पर नीले सूट केस में मिला महिला का शव

किसानों ने ड्रेन में सूटकेस देख पुलिस को दी सूचना

कैथल, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । कैथल के गांव सिला खेड़ा के पास मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब ड्रेन के अंदर पड़े एक नीले रंग के सूटकेस में युवती का शव मिला। यह सूटकेस सबसे पहले खेतों में काम कर रहे किसानों की नजर में आया, जिसे आवारा कुत्ते घसीट रहे थे।

जानकारी के अनुसार ड्रेन के पास किसानों के खेतों में डेरे बने हुए हैं। इसी दौरान कुछ किसान अपने डेरों से शहर की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने कुत्तों को एक सूटकेस खींचते हुए देखा। जब वे पास पहुंचे तो सूटकेस से बदबू आ रही थी। शक होने पर किसानों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सूटकेस खोलकर देखा गया, जिसमें करीब 30 वर्षीय युवती का शव मिला। शव को सूटकेस में डालकर ड्रेन में फेंका गया था। पुलिस ने तुरंत फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए।

इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया, जहां पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है।

पुलिस को सूटकेस के अंदर युवती के दो अन्य कपड़े भी मिले हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि शव को छिपाने की नीयत से उसे सूटकेस में रखा गया था। मृतका के हाथ पर टैटू बना हुआ है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

शहर थाना की एसएचओ गीता ने बताया कि युवती के गले पर निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि युवती की हत्या करने के बाद शव को सूटकेस में बंद कर ड्रेन में फेंक दिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लापता युवतियों की जानकारी जुटा रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / पंकज अत्रे

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *